scorecardresearch
 

दिल्ली में आज तीसरी क्लास की बच्ची का होगा पोस्टमार्टम, मयूर विहार के स्कूल में हार्ट अटैक से हो गई थी मौत

दिल्ली के मयूर विहार स्थित लवली हेरिटेज स्कूल में क्लासरूम में बेहोश हुई 9 साल की बच्ची की मौत के मामले में शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड पोस्टमार्टम करेगा. पुलिस CCTV फुटेज और स्कूल पर लगे आरोपों की जांच कर रही है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले में पुलिस की जांच भी जारी है (फोटो-ITG)
इस मामले में पुलिस की जांच भी जारी है (फोटो-ITG)

दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 में मौजूद एक निजी स्कूल में 9 साल की बच्ची की मौत के मामले में शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा. बच्ची स्कूल के क्लासरूम में अचानक बेहोश होकर गिर गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम के लिए दो से तीन डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड बनाया गया है. यह मेडिकल बोर्ड जीटीबी अस्पताल के डॉक्टरों को मिलाकर गठित किया गया है. परिवार की मांग पर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने का फैसला लिया गया है.

फिलहाल बच्ची का शव लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में रखा हुआ है. गुरुवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका था, क्योंकि परिवार ने सामान्य प्रक्रिया के बजाय मेडिकल बोर्ड से जांच कराने की मांग की थी. इसके बाद अधिकारियों ने मेडिकल बोर्ड गठित करने की प्रक्रिया शुरू की. अब शुक्रवार को डॉक्टरों की टीम पोस्टमार्टम करेगी. अधिकारियों का कहना है कि बच्ची की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

बच्ची के चाचा ने पोस्टमार्टम में हुई देरी को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि अगर पुलिस ने गुरुवार सुबह ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी होती, तो सभी औपचारिकताएं उसी दिन पूरी हो सकती थीं. हालांकि, परिवार की मांग पर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया गया. अब परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे बच्ची की मौत की वजह सामने आ सके.

Advertisement

इस घटना के बाद बच्ची के परिवार में मातम पसरा हुआ है. बच्ची अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी. बेटी को खोने के बाद मां की तबीयत भी खराब बताई जा रही है, जबकि पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. दिल्ली से बाहर रहने वाले परिवार के दूसरे सदस्य और रिश्तेदार भी घर पहुंच गए हैं. वे लगातार दुखी माता-पिता को संभालने और उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं.

बच्ची के पिता पेशे से जिम ट्रेनर हैं. उनका आरोप है कि अगर समय रहते उनकी बेटी को उचित मेडिकल सहायता मिल जाती, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी. उन्होंने स्कूल प्रशासन पर समय पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है. पिता ने इस बात पर भी सवाल उठाए हैं कि बच्ची को नजदीकी अस्पताल ले जाने के बजाय निर्माण विहार स्थित अस्पताल क्यों पहुंचाया गया. उनका कहना है कि इस दौरान समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी था.

यह घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की है. मयूर विहार फेज-2 स्थित लवली हेरिटेज स्कूल में पढ़ने वाली तीसरी कक्षा की 9 साल की छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. बताया गया है कि बच्ची फिजिकल ट्रेनिंग पीरियड के बाद वापस अपनी क्लास में लौटी थी. इसके कुछ ही देर बाद वह क्लासरूम में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी. इस पूरी घटना का वीडियो स्कूल के क्लासरूम में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुआ है.

Advertisement

पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान स्कूल के क्लासरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जुटाई गई है. इसके अलावा पुलिस ने दूसरे जरूरी सबूत भी इकट्ठा किए हैं. पुलिस परिवार की ओर से स्कूल प्रशासन पर लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या उसे समय पर मेडिकल सहायता मिल पाई थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement