scorecardresearch
 

Diwali Home Decoration: इस दिवाली नहीं कराई घर की पेंटिंग? इन 6 तरीकों से सजाएं दीवारें, कम खर्च में मिलेगा नया लुक

Diwali Home Decoration: दिवाली के मौके पर घर की दीवारों को बिना पेंट कराए सजाने के कई आसान और किफायती तरीके हैं. ये तरीके न सिर्फ आपका खर्च कम करेंगे, बल्कि घर को नया और आकर्षक लुक भी देंगे. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ आसान डेकोरेशन टिप्स.

Advertisement
X
बिना रंगाई-पुताई के इन आसान तरीकों से सजाएं दीवारें (Photo- ITG)
बिना रंगाई-पुताई के इन आसान तरीकों से सजाएं दीवारें (Photo- ITG)

Diwali Home Decoration: दिवाली पर हर कोई अपने घर को सुंदर और नया लुक देना चाहता है. इसके लिए लोग घर की साफ-सफाई से लेकर रंगाई-पुताई तक करवाते हैं. लेकिन किसी कारण से आपने इस बार अपने घरों की रंगाई-पुताई नहीं करवाई है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान सजावट के तरीकों की मदद से आप बिना पेंट कराए भी घर की दीवारों को नया और खूबसूरत लुक दे सकते हैं. इन तरीकों से दीवारों के दाग-धब्बों और उखड़े हुए पेंट वाले हिस्सों को भी छिपाया जा सकता है. आइए जानते हैं ऐसे 6 आसान तरीके.

वॉलपेपर से बदलें दीवार का लुक
अगर आपके घर की दीवारों का पेंट पुराना हो गया है या कहीं से निकलने लगा है, तो आप वॉलपेपर लगा सकते हैं. बाजार में फूलों, लकड़ी, ईंट और मार्बल डिजाइन वाले कई तरह के वॉलपेपर मिलते हैं. आप अपने कमरे की सजावट और पसंद के हिसाब से इन्हें चुन सकते हैं. इससे बिना दोबारा पेंट कराए कमरे का लुक काफी हद तक बदल जाएगा.

हालांकि, अगर दीवार में सीलन या फफूंद है, तो सीधे वॉलपेपर न लगाएं. पहले नमी की समस्या ठीक करवाएं और दीवार को अच्छी तरह सूखने दें.

फोटो फ्रेम और पेंटिंग से सजाएं दीवार
दिवाली पर दीवारों को सजाने के लिए फोटो फ्रेम और पेंटिंग भी अच्छा विकल्प हैं. अगर दीवार के किसी हिस्से पर दाग-धब्बे हैं, तो वहां परिवार की तस्वीरें या अपनी पसंद की पेंटिंग लगा सकते हैं. आप अलग-अलग आकार के फोटो फ्रेम लगाकर एक खूबसूरत फोटो वॉल भी बना सकते हैं.

Advertisement

इसके अलावा फूलों वाली पेंटिंग और पारंपरिक डिजाइन भी घर की सजावट को खास बना सकते हैं. अगर दीवार में सीलन है, तो फ्रेम को उससे थोड़ी दूरी पर लगाएं और समय-समय पर उसके पीछे की जगह चेक करते रहें.

पर्दों से छिपाएं दीवार के दाग
कम खर्च में कमरे को नया लुक देने के लिए पर्दों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इसके लिए दीवार के सामने एक स्टैंड लगाकर उस पर सुंदर पर्दा टांग दें. आप चाहें तो अपनी पसंद के रंग और डिजाइन का कपड़ा भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

कमरे के बाकी पर्दों से मिलता-जुलता रंग चुनने पर सजावट और भी अच्छी लगेगी. इससे दीवार का खराब हिस्सा छिप जाएगा और कमरे को नया लुक मिलेगा. बस ध्यान रखें कि गीली या फफूंद वाली दीवार पर पर्दा बिल्कुल न लगाएं. पर्दे और दीवार के बीच थोड़ी जगह जरूर रखें.

वॉल पैनल से दें दीवार को नया लुक
अगर आप घर की सजावट में कुछ अलग करना चाहते हैं, तो वॉल पैनल लगवा सकते हैं. बाजार में पीवीसी समेत कई तरह के मटेरियल और डिजाइन के वॉल पैनल मिलते हैं. इन्हें आप बेडरूम, हॉल या लिविंग रूम की दीवारों पर लगवा सकते हैं.

वॉल पैनल से दीवार का लुक बदल जाता है और कमरे की सजावट भी पहले से बेहतर दिखती है. हालांकि, सीलन वाली दीवार पर इन्हें सीधे न लगवाएं. पहले नमी की वजह का पता लगाकर उसे ठीक करवाना जरूरी है.

Advertisement

लाइट और सजावटी चीजों से बनाएं सुंदर कोना
दिवाली पर घर में रोशनी और सजावट का खास महत्व होता है. ऐसे में दीवार के पास एक छोटा-सा डेकोरेशन कॉर्नर बना सकते हैं. इसके लिए एक छोटी टेबल रखें और उस पर सजावटी दीये, लालटेन, फूलों का गुलदस्ता या दूसरी खूबसूरत चीजें रखें.

टेबल के आसपास फेयरी लाइट्स लगाकर इस कोने को और आकर्षक बना सकते हैं. इससे कमरे में त्योहार जैसा माहौल बनेगा और लोगों का ध्यान दीवार के दाग-धब्बों पर भी नहीं जाएगा. बिजली की लाइटों को नमी वाली जगह से दूर रखें.

इंडोर प्लांट्स से सजाएं कमरे का कोना
अगर आपको घर में हरियाली पसंद है, तो दीवार के सामने इंडोर प्लांट्स रख सकते हैं. स्नेक प्लांट, अरेका पाम और मॉन्स्टेरा जैसे पौधे कमरे की सजावट को सुंदर बना सकते हैं. आप इन्हें अलग-अलग आकार और डिजाइन के गमलों में लगा सकते हैं.

दो-तीन गमलों को एक साथ रखकर छोटा-सा ग्रीन कॉर्नर भी तैयार कर सकते हैं. इससे दीवार का खराब हिस्सा कुछ हद तक छिप जाएगा और कमरे में हरियाली भी नजर आएगी. ध्यान रखें कि गमलों को दीवार से सटाकर न रखें. उनके बीच थोड़ी दूरी रखें, ताकि हवा आती-जाती रहे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement