राजधानी भोपाल के बागसेवनिया इलाके में 'सागर रॉयल विला' की C-स्टार बिल्डिंग का फ्लैट नंबर 301 अब पुलिस के पहरे में है. यहां रहने वाली दो सगी बहनें अमरीन उर्फ माहिरा और आफरीन मासूम लड़कियों के लिए आफत बन चुकी थीं. पुलिस ने दोनों बहनों और उनके पार्टनर चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने मिलकर धर्मांतरण और देह व्यापार का एक सिंडिकेट खड़ा कर लिया था.
कभी अब्बास नगर की तंग झुग्गियों में रहने वाली अमरीन और आफरीन ने कम समय में लग्जरी लाइफ जीने के लिए अपराध का रास्ता चुना. आरोपी बहनें ब्यूटीशियन बनकर लड़कियों से दोस्ती करती थीं. विशेष रूप से भोपाल में पढ़ने आई गरीब हिंदू लड़कियां उनके निशाने पर होती थीं.
सागर रॉयल विला में खरीदे गए आलीशान फ्लैट में लड़कियों को काम दिलाने के बहाने लाया जाता था. यहां उन्हें शराब और एमडी (MD) ड्रग्स के नशे की लत लगाई जाती थी. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इन बहनों के तार अहमदाबाद, मुंबई और बेंगलुरु तक जुड़े थे. रईसजादों की पार्टियों में ये लड़कियों को 'सप्लाई' करती थीं.
धर्मांतरण और दरिंदगी
मामले में गिरफ्तार चंदन यादव को लेकर चौंकाने वाला दावा सामने आया है. बताया जा रहा है कि अमरीन के बॉरूफ्रेंड चंदन ने कथित रूप से इस्लाम कबूल कर लिया था और वह लड़कियों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाता था.
यह भी पढ़ें: 'छोटे कपड़े पहनाकर ले जाती थी पब', रूम पार्टनर अमरीन ने भाई से कराया ब्यूटीशियन का रेप
अमरीन अपने भाई बिलाल और साथी यासिर के साथ मिलकर लड़कियों को नशीला पदार्थ पिलाती थी, जिसके बाद उनके साथ गैंगरेप किया जाता था. लड़कियों के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें बदनाम करने की धमकी दी जाती थी और फिर उन्हें देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया जाता था.
मोबाइल में मिले कई संदिग्ध ग्रुप
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल जब्त किए हैं, जिनमें कई युवतियों की तस्वीरें और संदिग्ध चैट मिली हैं. पुलिस ने फॉरेंसिक डिपार्टमेंट को आरोपियों के मोबाइल जांच के लिए दिए हैं. रिपोर्ट का इंतजार है.
प्राइवेट लाइफ
कॉलोनी वालों ने बताया कि ये लोग बहुत 'प्राइवेट' रहते थे. बाहर से देखने पर यह एक सामान्य परिवार लगता था, जिसमें दो बच्चे भी रहते थे, लेकिन अंदर 'सफेदपोश' चेहरों के पीछे काला धंधा चल रहा था.
इनका कहना
डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि पुलिस ने अमरीन, आफरीन और चंदन के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं. इनकी जांच कराई जा रही है. अमरीन के मोबाइल में कई संदिग्ध वॉट्सएप ग्रुप मिले हैं. उसमें कई युवतियों के फोटो भी हैं. इससे देह व्यापार का संदेह है.