scorecardresearch
 

अहमदाबाद में ज्वैलरी शोरूम की सेल्स गर्ल 1.66 करोड़ के गहने लेकर फरार, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

अहमदाबाद के निकोल इलाके में ज्वैलरी शोरूम की सेल्स गर्ल 1.66 करोड़ रुपये के सोने के गहने लेकर फरार हो गई. चोरी की यह वारदात CCTV में कैद हो गई. अब पुलिस आरोपी लड़की की तलाश में जुटी है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
पुलिस अब इस शातिर लड़की को तलाश कर रही है (फोटो-ITG)
पुलिस अब इस शातिर लड़की को तलाश कर रही है (फोटो-ITG)

अहमदाबाद के निकोल इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां एक ज्वैलरी शोरूम में काम करने वाली सेल्स गर्ल करोड़ों रुपये के सोने के गहने लेकर फरार हो गई. हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवती की तलाश शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, निकोल इलाके में दर्शनभाई नाम के कारोबारी की सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है. इस शोरूम में मैनेजर, सेल्समैन और मार्केटिंग स्टाफ समेत कुल 19 लोग काम करते हैं. हर्षिदा शेट्टी नाम की युवती करीब 11 महीने पहले यहां सेल्स गर्ल के तौर पर नौकरी पर लगी थी. किसी को अंदाजा नहीं था कि वही शोरूम को करोड़ों का नुकसान पहुंचा देगी.

बताया गया कि 11 मई 2026 की दोपहर को दुकान मालिक दर्शनभाई खाना खाने घर गए हुए थे. उस दौरान शोरूम में मैनेजर और बाकी कर्मचारी मौजूद थे. इसी बीच हर्षिदा ने मौका देखकर शोरूम में रखे सोने के गहनों को अपने यूनिफॉर्म की जेबों में छिपाना शुरू कर दिया. बाद में उसने कर्मचारियों से कहा कि मालिक से छुट्टी लेकर वह जरूरी काम से जा रही है.

Advertisement

शाम करीब 5 बजे जब दर्शनभाई वापस शोरूम पहुंचे, तब एक ग्राहक खरीदारी करने आया. उसी दौरान कर्मचारी कानजीभाई ने देखा कि ट्रे में रखा एक सोने का ब्रेसलेट गायब है. ग्राहक के जाने के बाद उन्होंने इसकी जानकारी मालिक को दी. इसके बाद पता चला कि हर्षिदा शेट्टी भी शोरूम में मौजूद नहीं है.

जब कर्मचारियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि हर्षिदा ने कहा था कि उसे मालिक ने छुट्टी दे दी है और वह शाम 4:30 बजे ही चली गई. लेकिन दर्शनभाई ने साफ कहा कि उन्होंने किसी तरह की छुट्टी मंजूर नहीं की थी. इसके बाद शोरूम के सभी CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें पूरी चोरी का खुलासा हो गया.

CCTV फुटेज में दिखाई दिया कि हर्षिदा शाम 4 बजे से 4:30 बजे के बीच अपनी सीट के पीछे रखी अलमारी से सोने के गहने निकालकर जेब में रख रही थी. इसके बाद वह दूसरी मंजिल पर बने स्टोर रूम में गई, वहां से अपना बैग लिया और शोरूम से बाहर निकल गई. जब उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो फोन बंद मिला.

शोरूम में रखे सभी गहनों की जांच की गई तो पता चला कि हर्षिदा करीब 1.66 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हुई है. चोरी किए गए गहनों में सोने की चेन, ताबीज, घड़ियां, झुमके, मंगलसूत्र, पेंडेंट और अंगूठियां शामिल हैं. निकोल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी युवती की तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement