गुजरात के अहमदाबाद में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने फुटपाथ पर सो रहे तीन लोगों को कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए. हादसा निकोल इलाके में देवस्य स्कूल के पास हुआ. टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया. हालांकि, पुलिस ने कुछ ही मिनटों में आरोपी को पकड़ लिया.
ट्रैफिक DCP नरेश कंजारिया के मुताबिक, यह हादसा अहमदाबाद के निकोल इलाके में हुआ. देवस्य स्कूल के पास फुटपाथ पर तीन लोग सो रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही फॉर्च्यूनर कार ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
इस हादसे में गंभीर रूप से घायल एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं, दो अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है. हादसे के बाद फॉर्च्यूनर चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया था.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने कुछ ही मिनटों में आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 36 वर्षीय विरल चौधरी के रूप में हुई है. वह अहमदाबाद के नाना चिलोड़ा इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
इसके साथ ही हादसे के समय आरोपी के नशे में होने की आशंका की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने गाड़ी चलाते समय किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं.