scorecardresearch
 

UP: खेत में मिला 100 किलो का विशालकाय अजगर, वन विभाग की टीम ने भी टेक दिए घुटने

बिजनौर के जलालपुर छोईया गांव में खेतों के पास करीब 100 किलो वजनी विशालकाय अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया. सरकंडों के बीच पड़े अजगर को देखकर किसानों के होश उड़ गए. सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तीन लोगों की मदद से उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह काबू में नहीं आया.

Advertisement
X
वन विभाग के पकड़ने से पहले नदी में चला गया अजगर. (Photo: ITG)
वन विभाग के पकड़ने से पहले नदी में चला गया अजगर. (Photo: ITG)

बिजनौर जिले के जलालपुर छोईया गांव में रविवार शाम खेतों के पास एक ऐसा विशालकाय अजगर दिखाई दिया, जिसे देखकर किसानों के होश उड़ गए. सरकंडों के बीच पड़े इस अजगर का आकार इतना बड़ा था कि उसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अजगर का वजन करीब 100 किलो यानी एक क्विंटल था. किसानों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी. टीम मौके पर पहुंची और अजगर को पकड़ने की कोशिश शुरू की, लेकिन विशालकाय अजगर को काबू करना आसान नहीं था. तीन लोगों की कोशिश के बावजूद वह उनके हाथ से छूट गया और रेंगता हुआ छोईया नदी में जा घुसा.

घटना रविवार शाम की है. जलालपुर छोईया गांव के आसपास किसान अपने खेतों में काम कर रहे थे. इसी दौरान कुछ किसानों की नजर खेत के पास सरकंडों में पड़े एक बड़े सांप पर पड़ी. जब उन्होंने करीब जाकर देखा तो वह कोई सामान्य सांप नहीं, बल्कि विशालकाय अजगर था. उसका आकार देखकर किसान भी घबरा गए. देखते ही देखते यह खबर आसपास के लोगों तक पहुंच गई और अजगर को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी.

अजगर को देख ग्रामीणों के भी उड़ गए होश. (Photo: ITG)

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पहुंची
विशालकाय अजगर दिखाई देने की सूचना किसानों ने वन विभाग के अधिकारियों को फोन पर दी. इसके बाद क्षेत्रीय वनाधिकारी महेशचंद्र गौतम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ने के लिए टीम को मौके पर भेजा. वन विभाग की टीम खेत के पास पहुंची और अजगर को पकड़ने की कोशिश शुरू की.

Advertisement

हालांकि, अजगर का आकार और वजन देखकर टीम को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी. बताया जा रहा है कि तीन लोगों ने मिलकर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह उनके काबू में नहीं आ सका. इसी बीच अजगर ने खुद को छुड़ाया और तेजी से रेंगता हुआ पास बह रही छोईया नदी की धारा में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में ओझल हो गया.

जिले में दिखने वाले सबसे स्वस्थ अजगरों में से एक
क्षेत्रीय वनाधिकारी महेशचंद्र गौतम के अनुसार, अजगर का वजन लगभग एक क्विंटल रहा होगा. उनके मुताबिक, यह जिले में अब तक दिखाई दिए सबसे स्वस्थ अजगरों में से एक था. इतना विशालकाय अजगर देखकर ग्रामीणों में भी काफी चर्चा रही.

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से जिले के अलग-अलग इलाकों में Rock Python प्रजाति के बड़े अजगर खेतों में दिखाई दे रहे हैं. ऐसे में ग्रामीण इलाकों में अजगर दिखने की घटनाएं सामने आती रही हैं.

आमतौर पर इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचाते अजगर
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अजगर आमतौर पर इंसानों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश नहीं करते हैं. वे अपने शिकार के लिए जंगलों, झाड़ियों और पानी के आसपास के इलाकों में रहते हैं.खेतों के आसपास भी उन्हें देखा जा सकता है.

Advertisement

वन विभाग ने लोगों को ऐसे बड़े सांप दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह दी है. उन्हें खुद पकड़ने या छेड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना देनी चाहिए.

जलालपुर छोईया में दिखाई दिया करीब 100 किलो का यह विशालकाय अजगर अब नदी में जा चुका है, लेकिन खेतों में काम कर रहे किसानों के लिए रविवार शाम का यह नजारा लंबे समय तक याद रहने वाला है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement