
आईआईटी कानपुर में बी.टेक साइबर सुरक्षा पाठ्यक्रम में प्रवेश खारिज होने पर एक छात्र ने संस्थान की वेबसाइट हैक करके "Site is Hacked, All I Need is Just a Fair Chance" का मैसेज छोड़ दिया. छात्र ने X और रेडिट पर स्क्रीनशॉट शेयर कर अपनी साइबर सिक्योरिटी स्किल्स को साबित करने और मौका पाने की बात कही. उधर, लीगल एक्शन की जगह संस्थान के निदेशक प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने छात्र का भविष्य सुरक्षित रखने पर जोर दिया.
प्रोफेसर ने कहा कि IIT कानपुर में एडमिशन की प्रक्रिया पहले ही बंद हो चुकी थी, और इसमें कानूनी और प्रक्रिया से जुड़े पहलू भी शामिल थे. फिर भी, हम छात्र का भविष्य खराब नहीं करना चाहते थे, इसलिए हमने उसे एक मौका देने का फैसला किया है और C3iHub में इंटर्नशिप के लिए उस पर विचार कर रहे हैं. वह अगले साल एडमिशन के लिए कोशिश कर सकता है.
इसके साथ ही, हम दूसरे छात्रों को यह संदेश देना चाहते हैं कि मौके पाने के लिए इस तरह के तरीके अपनाना सही नहीं है. हम साइबर सिक्योरिटी में माहिर लोगों का स्वागत करते हैं कि वे अपना CV हमारे साथ शेयर करें और हम C3iHub में इंटर्नशिप या नौकरी के लिए उन पर विचार करेंगे. छात्रों को अपने लक्ष्य पाने के लिए हमेशा सही और कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए और ऐसी गतिविधियों में शामिल होने से बचना चाहिए जिनके गंभीर परिणाम हो सकते हैं.
हैकथॉन में चूक के बाद उठाया कदम
प्रो. मनिंद्र अग्रवाल के अनुसार, बी.टेक साइबर सुरक्षा प्रवेश प्रक्रिया में हैकथॉन के जरिए प्रतिभा दिखाने का मौका दिया गया था, जिसमें यह छात्र खुद को साबित नहीं कर सका था. इसके बाद उसने वेबसाइट में सेंध लगाकर अपनी योग्यता साबित करने की कोशिश की.

FIR का प्रस्ताव बदला, मिलेगा इंटर्नशिप का मौका
शुरुआत में एफआईआर दर्ज कराने का सुझाव दिया गया था, लेकिन संस्थान ने पहले छात्र के दावों और स्किल्स की पुष्टि करने का फैसला किया. इससे पहले भी सीबीएसई पोर्टल की खामियां उजागर करने वाले रिसर्चर को आईआईटी कानपुर के C3iHub केंद्र में काम का मौका दिया गया था.
आईआईटी कानपुर निदेशक का बड़ा बयान
निदेशक प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया बंद हो चुकी है, इसलिए छात्र को C3iHub में इंटर्नशिप के लिए विचार किया जा रहा है और वह अगले साल दाखिले का प्रयास कर सकता है. उन्होंने कहा कि अन्य विशेषज्ञ C3iHub में इंटर्नशिप या नौकरी के लिए अपना सीवी साझा कर सकते हैं.