scorecardresearch
 

किचन नाइफ, सिरका और मिर्च पाउडर से हमला... बेंगलुरु में ट्रिपल मर्डर से पहले आरोपी ने AI से पूछे थे ये तरीके

बेंगलुरु के सीगेहल्ली ट्रिपल मर्डर केस में टेकी जे. केनेथ के लैपटॉप से AI से हमले के तरीके पूछने की सर्च हिस्ट्री मिली है. पुलिस डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है. उसके लैपटॉप से मिली सर्च हिस्ट्री हैरान करने वाली है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले ने पुलिस को हैरान कर दिया (फोटो-ITG)
इस मामले ने पुलिस को हैरान कर दिया (फोटो-ITG)

बेंगलुरु के सीगेहल्ली इलाके में जून में हुए ट्रिपल मर्डर की जांच में पुलिस को एक बेहद चौंकाने वाला डिजिटल सुराग मिला है. पुलिस के मुताबिक, 25 साल के टेकी जे. केनेथ ने अपनी लिव-इन पार्टनर के परिवार पर कथित हमला करने से पहले AI की मदद से लोगों पर हमला करने के अलग-अलग तरीकों के बारे में जानकारी हासिल की थी. उसके लैपटॉप की जांच के दौरान AI से जुड़े कई सवाल सामने आए. इनमें किचन नाइफ से जानलेवा हमला, सिरका और मिर्च पाउडर से किसी को असहाय करना और घुटनों पर हमला कर किसी को काबू करने जैसे तरीके शामिल थे.

पुलिस के अनुसार, केनेथ के लैपटॉप की सर्च हिस्ट्री में ऐसे सवाल मिले, जिनसे अलग-अलग हमले की परिस्थितियों को समझने की कोशिश की गई थी. इनमें तीन लोगों पर चाकू से जानलेवा हमला करने, सिरके, मिर्च पाउडर या मिर्च के पेस्ट से किसी को अंधा करने और तीन लोगों को घुटनों पर हमला कर लाचार और बेबस करने से जुड़े सवाल बताए गए हैं. इसके अलावा एक घर में घुसे तीन लोगों को कैसे काबू किया जाए, इस तरह का सवाल भी सामने आया. पुलिस को कुछ घातक हथियारों के इतिहास से जुड़े सवाल भी मिले हैं.

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि केनेथ AI से सिर्फ हमले से जुड़े सवाल नहीं पूछ रहा था. उसकी सर्च हिस्ट्री में बैंक की ओर से दोस्त के लोन को लेकर लगातार आने वाले फोन से निपटने और दिवालिया घोषित होने की प्रक्रिया से संबंधित सवाल भी थे. पुलिस का कहना है कि इन सवालों का महत्व इसलिए बढ़ जाता है क्योंकि ये कथित तौर पर 22 जून को हुए हमले से पहले के हैं. हालांकि, फॉरेंसिक जांच के दौरान पुलिस को अभी यह पूरी तरह पता नहीं चला है कि AI टूल ने केनेथ को इन सवालों के क्या जवाब दिए थे.

Advertisement

इस केस में पुलिस को एक और अहम भौतिक सुराग भी मिला है. वारदात वाली जगह से सिरके और मिर्च पाउडर से भरी एक बोतल बरामद होने की बात सामने आई है. पुलिस ने इस बोतल को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी यानी FSL भेजा है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद सामग्री का वारदात से कोई सीधा संबंध है या नहीं. इस बीच, लैपटॉप से मिले डिजिटल रिकॉर्ड को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है.

अब इस पूरे मामले की वजह पर आएं तो पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे आर्थिक दबाव और परिवार में बढ़ता विवाद अहम कारण था. शहर की अदालत में दाखिल 2,085 पन्नों की चार्जशीट के अनुसार, श्वेता ने केनेथ के लिए करीब 52 लाख रुपये के कर्ज लिए थे. इसमें 30 लाख रुपये का बिजनेस लोन, दो बैंकों से 8-8 लाख और दोस्तों, रिश्तेदारों, क्लासमेट्स तथा सहयोगियों से लिए गए करीब 8 लाख रुपये शामिल बताए गए हैं. कर्ज की किस्तें नहीं चुकने पर बैंक की ओर से श्वेता के माता-पिता के घर नोटिस भेजा गया था.

नोटिस पहुंचने के बाद श्वेता के माता-पिता को पहली बार इस बड़े कर्ज के बारे में पता चला. पुलिस के मुताबिक, श्वेता के पिता सोमा सुंदर ने केनेथ से पैसे को लेकर सवाल किए और पूछा कि कर्ज की रकम का क्या हुआ. इसके बाद परिवार में तनाव बढ़ गया. 22 जून की रात मामला बेंगलुरु के सीगेहल्ली स्थित साई ग्रीन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर G03 तक पहुंचा. आरोप है कि इसी फ्लैट में श्वेता और केनेथ ने उसके माता-पिता और बहन पर चाकू से हमला कर दिया.

Advertisement

हमले में 55 साल के सोमा सुंदर, 50 साल की मुथुलक्ष्मी और उनकी 20 साल की बेटी सुप्रिया गंभीर रूप से घायल हो गए. सोमा सुंदर कई चोटों के बावजूद किसी तरह फ्लैट से बाहर निकलकर सीढ़ियों तक पहुंचे. वहां आसपास के लोगों ने उन्हें देखा और पुलिस को सूचना दी. सोमा सुंदर ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी और बेटी फ्लैट के अंदर हैं और उन पर श्वेता और केनेथ ने हमला किया है. तीनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मुथुलक्ष्मी और सुप्रिया की मौत हो गई, जबकि इलाज के दौरान सोमा सुंदर ने भी दम तोड़ दिया.

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद श्वेता और केनेथ वहां से निकल गए थे. दोनों कुछ समय तक बेंगलुरु के बाहरी इलाकों में मोटरसाइकिल से घूमते रहे और बाद में अलग-अलग बसों से पुडुचेरी पहुंचे. पुलिस ने श्वेता को पुडुचेरी से गिरफ्तार किया, जबकि केनेथ को भी वहीं एक बार से पकड़ा गया. इसके बाद दोनों को बेंगलुरु लाया गया. पूछताछ में श्वेता ने अपनी मां के साथ लंबे समय से चले आ रहे तनाव का जिक्र किया और कथित तौर पर कहा कि उसकी मां उसे नियंत्रित करती थीं.

इस केस की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने दोनों के लैपटॉप और दूसरे डिजिटल डिवाइस खंगाले. इसी दौरान AI से जुड़े सवालों की जानकारी सामने आई. पुलिस के मुताबिक, केनेथ ने हमले के अलग-अलग तरीकों को लेकर AI से सवाल किए थे. जांच में क्लाउड किचन के लिए तैयार किए जा रहे सेटअप और उससे जुड़ी चीजों की भी पड़ताल की गई. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि डिजिटल सर्च, घर में मौजूद सामान और 22 जून की घटना के बीच क्या सीधा संबंध था.

Advertisement

इसी वजह से इस मामले में AI की भूमिका को लेकर भी चर्चा शुरू हुई. हालांकि AI को इस ट्रिपल मर्डर का आरोपी या सह-आरोपी बनाए जाने की बात अभी कानूनी रूप से वास्तविकता नहीं बनी है. पुलिस ने संबंधित AI कंपनी से इस मामले में अतिरिक्त जानकारी मांगी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संबंधित अकाउंट या सिस्टम पर किस तरह की गतिविधियां हुई थीं. फिलहाल जांच का मुख्य फोकस उन लोगों पर है, जिन पर हत्या की साजिश और उसे अंजाम देने का आरोप है.

कानून के नजरिए से भी यह मामला महत्वपूर्ण सवाल खड़ा करता है कि क्या किसी AI सिस्टम पर हत्या जैसे अपराध का मुकदमा चलाया जा सकता है. मौजूदा भारतीय कानूनी ढांचे में AI को इंसान की तरह स्वतंत्र कानूनी व्यक्तित्व या आपराधिक मंशा वाला पक्ष नहीं माना जाता. किसी अपराध में AI का इस्तेमाल होने पर जांच एजेंसियां उसके लॉग, रिकॉर्ड और संबंधित कंपनी से जानकारी हासिल कर सकती हैं. लेकिन आपराधिक जिम्मेदारी आम तौर पर उस व्यक्ति या संस्था की तय होती है, जिसने अपराध की योजना बनाई, उसे अंजाम दिया या तकनीक का जानबूझकर दुरुपयोग किया.

इसलिए बेंगलुरु के इस ट्रिपल मर्डर केस में AI खुद 'कातिल' है या नहीं, यह सवाल फिलहाल कानूनी तौर पर सही नहीं माना जा सकता. असली जांच यह है कि श्वेता और केनेथ ने AI का किस तरह इस्तेमाल किया, उन्हें क्या जानकारी मिली और क्या उस डिजिटल गतिविधि का कथित अपराध की तैयारी से सीधा संबंध था. पुलिस के सामने अब डिजिटल साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और दूसरे सबूतों को जोड़कर पूरी तस्वीर सामने रखने की चुनौती है. इस केस ने एक बार फिर यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि AI जैसी तकनीक का गलत इस्तेमाल अपराध की तैयारी में होने लगे तो कानून और जांच एजेंसियों के सामने नई चुनौतियां कितनी बड़ी हो सकती हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement