नेपाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर होने जा रहा है. नेपाल को एक नया प्रधानमंत्री मिलता हुआ दिख रहा है. Gen-Z आंदोलन के बाद नेपाल में आज आम चुनाव के नतीजे आ जाएंगे. 24 घंटे के अंदर तय हो जाएगा कि कौन नेपाल की सत्ता संभालेगा. हालांकि, काठमांडू महानगर के पूर्व मेयर बालेन शाह 30 से 32 सीटों पर आगे हैं. जबकि दूसरी पार्टियां 5 से 6 सीटों पर ही आगे दिख रही हैं. इसका मतलब है कि नेपाल के अगले पीएम की घोषणा अब सिर्फ औपचारिक ही रह गई है.
आज हम नेपाल की राजनीति में तेजी से लोकप्रिय हुए बालेन शाह की संपत्ति के बारे में जानेंगे. यह न सिर्फ एक सफल राजनेता हैं, बल्कि एक जाने-माने इंजीनियर और रैपर भी हैं. उनकी पहचान राजनीति में आने से पहले ही युवाओं के बीच एक कलाकार और प्रोफेशनल इंजीनियर के तौर पर हो चुकी थी.
उनकी कमाई और सोर्स की बात करें तो रिपोर्ट्स के अनुसार, बालेन शाह की कुल नेटवर्थ करीब 5 से 6 करोड़ नेपाली रुपये हो सकती है. उनकी मासिक आय 3 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है.
बालेन शाह की कमाई का सोर्स
बालेन शाह पीएम पद के लिए उम्मीदवार से पहले काठमांडू महानगर पालिका के मेयर रह चुके हैं. प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव लड़ने से पहले मेयर पद पर रहते हुए उन्हें 46,000 रुपये प्रति माह वेतन दिया जाता था. वहीं इनकी इससे भी ज्यादा कमाई इंजीनियरिंग पेशे और संगीत (रैप) से होती है.
इनके मुख्य सोर्स की बात करें तो सबसे बड़ा हिस्सा उनके इंजीनियरिंग कारोबार से आता है. वे Balen Consulting & Construction Pvt. Ltd के मैनेजिंग डायरेक्टर (Managing Director) भी हैं. इसके अलावा उन्होंने Padma Group of Companies में डिप्टी जनरल मैनेजर और अन्य इंजीनियरिंग पदों पर काम किया है. निर्माण और परामर्श सेवाओं से उन्हें स्थायी आय मिलती है.
संगीत क्षेत्र से भी मोटी कमाई
बालेन शाह एक मशहूर रैपर और संगीतकार भी हैं. उन्होंने कई टीवी शो, रैप बैटल और म्यूजिक वीडियो में काम किया है. युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता काफी ज्यादा है और इससे उन्हें अच्छी खासी कमाई होती है. रैप, गीत लेखन (songwriting), संगीत निर्माण (music production) और स्टेज परफॉर्मेंस उनके लिए अतिरिक्त आय के सोर्स हैं. फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टा से भी इन्हें अच्छी-खासी कमाई होती है.
सादगी भरा जीवन
बालेन शाह के लाइफस्टाइल की बात करें तो वे काफी साधारण तरीके से जीवन जीते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पास कुछ गाड़ियां हैं, जिनमें सुज़ुकी जैसे मॉडल शामिल हैं. हालांकि वे अपनी संपत्ति या आय को लेकर कभी खुलकर ज्यादा बात नहीं करते हैं.
TIME Magazine में मिली थी जगह
साल 2023 में बालेन शाह को TIME Magazine की प्रतिष्ठित '100 Emerging Leaders – Time 100 Next' लिस्ट में रखा गया था. बालेन शाह का पूरा नाम बालेन्द्र शाह (Balendra Shah) है. उनका जन्म 27 अप्रैल 1990 को काठमांडू में हुआ था. बालेन ने मास्टर्स (MTech) कर्नाटक के विश्वस्वरैया टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी (VTU) से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में किया है.
उनके मेयर रहते हुए फोकस कचरा प्रबंधन, परदर्शी शासन, शहरी ढांचे का सुधार, डिजिटल प्रशासन और युवा संरक्षण पर रहा, जिस वजह से नेपाल में उनकी सबसे ज्यादा लोकप्रियता है. जल्द ही इनके पीएम बनने का भी इंतजार खत्म हो सकता है.