केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते (Dearness Allowance) में बढ़ोतरी का इंतजार है. अब नजर इस बात पर है कि क्या दशहरे से पहले सरकार DA बढ़ोतरी को मंजूरी दे देती है. पिछली घोषणाओं को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों और पेशनर्स को उम्मीद है कि त्योहार से पहले सरकार DA बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है. केंद्र सरकार आमतौर पर जुलाई से लागू होने वाले DA संशोधन का ऐलान सितंबर या अक्टूबर के दौरान करती है.
पिछले साल जुलाई से लागू होने वाले DA बढ़ोतरी को केंद्रीय कैबिनेट ने 1 अक्टूबर को मंजूरी दी थी. उस समय DA में 3 % अंक की बढ़ोतरी हुई थी और यह 55% से बढ़कर 58% हो गया था. इसी वजह से इस बार भी अक्टूबर में DA बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही है. दशहरा 20 अक्टूबर को होने के कारण कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजर त्योहार से पहले होने वाली कैबिनेट बैठकों पर है.
साल 2026 के पहले DA बढ़ोतरी का ऐलान 18 अप्रैल को किया गया था. यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू हुई थी. फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए DA और महंगाई राहत (DR) की दर 60% है. अगर इसमें 3 % अंक की बढ़ोतरी होती है तो DA 60% से बढ़कर 63% हो जाएगा. वहीं कुछ कैलकुलेशन में 64% तक की संभावना भी जताई जा रही है. हालांकि, अंतिम दर सरकार के फैसले और आधिकारिक आदेश से ही तय होगी.
ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉइज फेडरेशन (AINPSEF) का भी मानना है कि सरकार दशहरे से पहले जुलाई वाले DA साइकल पर फैसला कर सकती है. संगठन के मुताबिक, अगर बढ़ोतरी को मंजूरी मिलती है तो कर्मचारियों को अक्टूबर की सैलरी में इसका फायदा मिलने की उम्मीद की जा सकती है.
CPI-IW से तय होती है बढ़ोतरी
महंगाई भत्ते (DA) में कितनी बढ़ोतरी होगी, इसका सीधा संबंध महंगाई के आंकड़ों से है. इसके लिए ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) को आधार बनाया जाता है. लेबर ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक अगस्त 2026 में AICPI-IW 1.2 अंक बढ़कर 154.4 पर पहुंच गया. इस इंडेक्स के आंकड़ों का इस्तेमाल केंद्रीय कर्मचारियों के DA की गणना में किया जाता है. मौजूदा आंकड़ों के आधार पर जुलाई 2026 के लिए DA में 3 से 4 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है. यानी DA 60% से बढ़कर 63% या 64% हो सकता है.
तनख्वाह में कितना होगा इजाफा?
DA बढ़ोतरी का फायदा कर्मचारी की पूरी सैलरी पर नहीं, बल्कि बेसिक पे पर मिलता है. इसलिए जिसकी बेसिक पे ज्यादा है, उसके DA में बढ़ोतरी से मिलने वाली रकम भी ज्यादा होगी. अगर DA 60% से बढ़कर 63% होता है तो ₹18,000 बेसिक पे वाले कर्मचारी को हर महीने ₹540 ज्यादा मिलेंगे. ₹25,000 बेसिक पे पर ₹750, ₹30,000 पर ₹900 और ₹40,000 पर ₹1,200 की बढ़ोतरी होगी. अगर DA 64% होता है तो 60% की मौजूदा दर के मुकाबले 4 प्रतिशत अंक का फायदा मिलेगा. ऐसे में ₹18,000 बेसिक पे पर ₹720, ₹25,000 पर ₹1,000 और ₹1 लाख बेसिक पे पर ₹4,000 प्रति महीने का अतिरिक्त DA बन सकता है. हालांकि, कर्मचारी की वास्तविक टेक-होम सैलरी में बदलाव दूसरे भत्तों और कटौतियों के कारण अलग हो सकता है.
| बेसिक पे | मौजूदा DA @ 60% | DA @ 63% | मासिक बढ़ोतरी |
|---|---|---|---|
| ₹18,000 | ₹10,800 | ₹11,340 | ₹540 |
| ₹25,000 | ₹15,000 | ₹15,750 | ₹750 |
| ₹30,000 | ₹18,000 | ₹18,900 | ₹900 |
| ₹40,000 | ₹24,000 | ₹25,200 | ₹1,200 |
| ₹50,000 | ₹30,000 | ₹31,500 | ₹1,500 |
| ₹75,000 | ₹45,000 | ₹47,250 | ₹2,250 |
| ₹1,00,000 | ₹60,000 | ₹63,000 | ₹3,000 |
जुलाई से लागू हुआ तो एरियर भी मिलेगा?
अगर महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी जुलाई 2026 से लागू होती है तो कर्मचारियों और पेंशनर्स को एरियर मिलेगा. उदाहरण के लिए अगर सरकार अक्टूबर में DA बढ़ोतरी को मंजूरी देती है और इसे 1 जुलाई से लागू किया जाता है, तो जुलाई, अगस्त और सितंबर के बढ़े हुए DA का अंतर एरियर के तौर पर मिल सकता है. इसका फायदा केंद्र सरकार के करीब 50 लाख सेवारत कर्मचारियों और लगभग 69 लाख पेंशनभोगियों को मिल सकता है. हालांकि, एरियर का भुगतान कब और किस तरह होगा, यह सरकार के अंतिम आदेश और भुगतान प्रक्रिया पर निर्भर करेगा. इसलिए फिलहाल इसे संभावित फायदा ही माना जाना चाहिए.