अगर आप ईपीएफओ के तहत पीएफ क्लेम करने की तैयारी कर रहे हैं तो रुक जाइए, क्योंकि EPFO ने अगले 4 दिनों के लिए अपने क्लेम पोर्टल को बंद कर दिया है. 26 जून से ईपीएफओ सर्विस को बंद कर दिया गया है, जो 29 जून तक जारी रहेगा.
EPFO के ऑफिशियल नोटिफिकेशन के अनुसार, ऑनलाइन सेवाओं का सस्पेंशन 26 जून को 00:00 बजे से 29 जून को 23:59 बजे तक रहेगा. ऑनलाइन सर्विस 30 जून, 2026 को 00:00 बजे से पुनः शुरू होने वाली हैं.
क्यों शटडाउन रहेगा पोर्टल?
ईपीएफओ ने अपने नोटिफिकेशन में कहा है कि नियोजित डेटाबेस और सॉफ्टवेयर अपग्रेड के कारण इसे शटडाउन किया है, जिसका मतलब क्लेम पॉसेस में सुधार करना, सुरक्षा को मजबूत करना और सदस्यों और कंपनियों के लिए बेहतर अनुभव प्रदान करना है.
कौन-कौन से काम नहीं कर पाएंगे?
ईपीएफओ पोर्टल के शटडाउन होने से इस अवधि के दौरान मेंबर पोर्टल, एम्प्लॉयर पोर्टल और UMANG ऐप सभी बंद रहेंगे. इसका मतलब है कि ईपीएफओ के तहत आप ऑनलाइन सर्विसेज का लाभ नहीं उठा पाएंगे. इसके तहत क्लेम करने और प्रॉसेस करने, ECR फाइलिंग, नए कर्मचारियों के लिए UAN लिंकिंग, ई-पासबुक की सुविधा आदि जैसी सेवाओं का उपयोग नहीं कर पाएंगे.
पहले से किए गए क्लेम का क्या होगा?
ईपीएफओ ने स्पष्ट किया है कि माइग्रेशन विंडो से पहले जमा किए गए दावों को रद्द या अस्वीकार नहीं किया जाएगा, लेकिन प्रोसेसिंग में देरी हो सकती है और सिस्टम के फिर से ऑनलाइन होने पर यह प्रक्रिया फिर से शुरू हो जाएगी.कामकाज ठप होने के दौरान सहायता की आवश्यकता होने पर सदस्य 14470 पर ईपीएफओ कॉल सेंटर से संपर्क कर सकते हैं.
ईपीएफओ 3.0 कनेक्शन
अभी ये स्पष्ट नहीं है कि शटडाउन EPFO 3.0 के लॉन्च से जुड़ा है, लेकिन इसका समय ध्यान देने योग्य है. श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने हाल ही में पुष्टि की है कि UPI बेस्ड पीएफ निकासी का परीक्षण पूरा हो चुका है और यह सुविधा जल्द ही शुरू होने की संभावना है.
क्या-क्या बदल जाएगा?
नए सिस्टम के तहत कई चीजें बदल सकती हैं. जैसे- यूपीआई के जरिए पीएफ के पैसे का पेमेंट करना, एटीएम से पीएफ की निकासी और कई ऑटोमैटिक सर्विस अपग्रेड किए जा सकते हैं. इससे कागजी कार्यवाईंया लगभग समाप्त हो जाएंगी. पीएफ के पैसे तक लोगों की पहुंच आसान हो जाएगी.