पंजाब के रियल एस्टेट बाजार में अब अंतरराष्ट्रीय लग्जरी ब्रांड की एंट्री हो गई है. लग्जरी घड़ियों और ज्वेलरी के लिए मशहूर ब्रांड Jacob & Co ने स्थानीय डेवलपर GB Realty के साथ मिलकर मोहाली में एक लग्जरी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट की घोषणा की है. इस प्रोजेक्ट में करीब 2,400 से 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट के पांच टावरों में से दो टावर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के नाम से होंगे, जबकि बाकी तीन टावर Jacob & Co ब्रांड के नाम पर बनाए जाएंगे.
द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पंजाब का पहला ब्रांडेड रेजिडेंस प्रोजेक्ट होगा. साथ ही, इसे देश के किसी टियर-2 शहर में इस तरह की पहली परियोजना बताया गया है. ब्रांडेड रेजिडेंस ऐसे लग्जरी घर होते हैं, जिन्हें किसी बड़े ब्रांड के नाम, डिजाइन और पहचान के साथ विकसित किया जाता है.
9 एकड़ जमीन पर बनेगा प्रोजेक्ट
यह प्रोजेक्ट मोहाली की एयरपोर्ट रोड पर करीब 9 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा. इस ज़मीन को स्थानीय प्राधिकरण की नीलामी के जरिए लगभग 550 करोड़ रुपये में खरीदा गया था. Jacob & Co पूरे प्रोजेक्ट का डिजाइन तैयार करेगा, वहीं, GB Realty इसके विकास और निर्माण से जुड़ा काम संभालेगी. कंपनी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट को चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला क्षेत्र के उन खरीदारों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है, जो अलग डिजाइन और प्रीमियम सुविधाओं वाले लग्जरी घर खरीदना चाहते हैं.
हालांकि, अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि इन घरों की कीमत कितनी होगी, फ्लैट किस आकार के होंगे और खरीदारों को इनका कब्जा कब मिलेगा.
सलमान खान ने वीडियो संदेश से दी जानकारी
इस प्रोजेक्ट में सलमान खान के नाम से दो टावर बनाए जाने की घोषणा के बाद यह परियोजना चर्चा में आ गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान लॉन्च कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, उन्होंने एक वीडियो संदेश भेजकर इसकी वजह बताई.
इससे पहले भी चंडीगढ़ क्षेत्र में सलमान खान के नाम से जुड़े SK Towers, The Salman Towers और Salman Khan Towers जैसे नामों के पंजीकरण की खबरें सामने आई थीं. हालांकि, मौजूदा परियोजना को Jacob & Co के डिजाइन वाले प्रोजेक्ट के रूप में पेश किया गया है, जिसमें दो टावर सलमान खान के नाम पर होंगे.
अगले तीन साल में 5,000 करोड़ रुपये निवेश की योजना
GB Realty की योजना अगले तीन वर्षों में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने की है. कंपनी उत्तर भारत में अपने लग्जरी रेजिडेंशियल कारोबार का विस्तार करना चाहती है. अगले पांच वर्षों में कुल निवेश को करीब 10,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है. इसमें लगभग 3,500 करोड़ रुपये लग्जरी और अल्ट्रा-लग्जरी घरों के विकास पर खर्च करने की योजना शामिल है.
अब तक ब्रांडेड रेजिडेंस का कारोबार मुख्य रूप से मुंबई, दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में केंद्रित रहा है. मोहाली में इस तरह की परियोजना की घोषणा से छोटे और उभरते शहरों में भी प्रीमियम हाउसिंग की बढ़ती संभावनाओं का संकेत मिलता है.