DLF के गुरुग्राम के सेक्टर 63 में स्थिति लग्जरी आवासीय प्रोजेक्ट The Aureva के सारे फ्लैट बिक गए हैं. रिटायरमेंट सेगमेंट को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस प्रोजेक्ट से करीब ₹1,985 करोड़ की बिक्री हुई है. यह प्रोजेक्ट करीब 4.17 एकड़ में फैला है और इसमें कुल 172 लग्जरी फ्लैट्स हैं. इनका कुल कारपेट एरिया 4 लाख वर्ग फुट से अधिक और क्षेत्र 7.5 लाख वर्ग फुट से ज्यादा है.
DLF ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि The Aureva को लग्जरी, वेलनेस, सुविधा, स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच और सामुदायिक जुड़ाव को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है.
The Aureva में एक अलग और खास टावर होगा, जिसमें ग्राउंड प्लस 45 मंजिलें होंगी. इसमें 4 BHK आवास दिए गए हैं. हर घर में कर्मचारियों के लिए अलग डॉरमेटरी, निजी डेक और प्रीमियम फिनिशिंग की सुविधा होगी.
घरों में ऐसी डिजाइन सुविधाएं भी शामिल की गई हैं, जो अलग-अलग उम्र और जरूरतों वाले लोगों के लिए आराम, सुरक्षा और आसानी से रहने को बेहतर बनाती हैं. प्रत्येक आवास के साथ तीन समर्पित पार्किंग स्लॉट दिए जाएंगे. DLF Home Developers Ltd. के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ बिजनेस ऑफिसर आकाश ओहरी ने कहा कि इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य भारत में लग्जरी रिटायरमेंट हाउसिंग की पारंपरिक सोच को बदलना है.
यह भी पढ़ें: टूटा 14 साल का रिकॉर्ड, मुंबई में लोग जमकर खरीद रहे प्रॉपर्टी... गणपति से कनेक्शन!
उन्होंने कहा, “The Aureva भारत में लग्जरी रिटायरमेंट हाउसिंग को नए सिरे से परिभाषित करने के DLF के विजन को दर्शाता है. जैसे-जैसे लोगों की अपेक्षाएं बदल रही हैं, लग्जरी की पारंपरिक परिभाषा से आगे बढ़कर लोग ऐसे घर चाहते हैं, जो सोच-समझकर तैयार की गई डिजाइन, बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण, सुविधाजनक जीवनशैली और मजबूत सामुदायिक भावना के जरिए उनके रोजमर्रा के जीवन को बेहतर बनाएं.”
ओहरी के मुताबिक, The Aureva इसी सोच को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, इसमें वेलनेस, हॉस्पिटैलिटी, हेल्थकेयर और लग्जरी लिविंग को एक सुव्यवस्थित आवासीय व्यवस्था में जोड़ा गया है.
उन्होंने कहा कि यह परियोजना ऐसा माहौल तैयार करने के लिए डिजाइन की गई है, जहां लोग अपने जीवन के अगले चरण में आत्मविश्वास, गरिमा और उद्देश्य की भावना के साथ आगे बढ़ सकें।
वेलनेस और हेल्थकेयर की सुविधाएं
The Aureva में एक लग्जरी क्लब हाउस के साथ कई तरह की वेलनेस और मनोरंजन सुविधाएं होंगी, इनमें इंडोर स्विमिंग पूल, स्पा, योग पवेलियन, मेडिटेशन सेंटर, लाइब्रेरी, बैंक्वेट स्पेस और लैंडस्केप्ड गार्डन शामिल हैं.
प्रोजेक्ट में आउटडोर गैदरिंग स्पेस और लोगों के आपसी मेलजोल के लिए अन्य सामाजिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. इसके अलावा, परिसर में एक पेशेवर तरीके से संचालित मेडिकल सेंटर भी होगा. यहां आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया की सुविधा के साथ जरूरत के मुताबिक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी.
रिटायरमेंट सेगमेंट में बढ़ती मांग
आकाश ओहरी ने कहा कि The Aureva को मिली प्रतिक्रिया से पता चलता है कि भारत में अनुभव और वेलनेस पर केंद्रित प्रीमियम आवासीय प्रोजेक्ट की मांग बढ़ रही है. उन्होंने कहा, एक बार फिर इस प्रोजेक्ट का मजबूत बाजार प्रदर्शन भारत में इस सेगमेंट में प्रीमियम और अनुभव-केंद्रित आवासीय परियोजनाओं की बढ़ती मांग को दर्शाता है.” उन्होंने आगे कहा कि घर खरीदारों की जबरदस्त प्रतिक्रिया केवल DLF ब्रांड में उनके भरोसे को नहीं दिखाती, बल्कि वेलनेस, सुविधा और बेहतर रोजमर्रा के जीवन पर केंद्रित सोच-समझकर तैयार की गई आवासीय सोसायटियों की बढ़ती लोकप्रियता को भी दर्शाती है.
ओहरी के मुताबिक, The Aureva इस उभरती हुई श्रेणी में एक नया मानक स्थापित करता है और बदलती ग्राहक प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रोजेक्ट तैयार करने की DLF की क्षमता को मजबूत करता है. The Aureva प्रोजेक्ट गुरुग्राम के सेक्टर 63 में The Arbour के बगल में स्थित है. DLF के अनुसार, यह Golf Course Extension Road, Southern Peripheral Road और NH-48 से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। इसके अलावा, यहां से शहर के प्रमुख व्यावसायिक, शैक्षणिक और लाइफस्टाइल केंद्रों तक भी आसानी से पहुंचा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: 600 अरब डॉलर का हुआ भारतीय रियल एस्टेट मार्केट, घरों की बिक्री में प्रीमियम सेगमेंट का दबदबा