भले ही शेयर बाजार लगातार टूट रहा है, लेकिन आईपीओ मार्केट में दनादन नए इश्यू लॉन्च हो रहे हैं. इसके साथ ही कई कंपनियां अपने IPO लॉन्च के लिए मार्केट रेग्युलेटर सेबी के पास दस्तावेज भी जमा करा रही हैं. इस लिस्ट में योगीजी का भी नाम है. Yogiji IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर्स जमा करा दिए गए हैं. आईपीओ लाकर कंपनी ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 71 लाख से ज्यादा शेयरों को बिक्री के लिए पेश करेगी.
₹270 करोड़ जुटाने की तैयारी में 'योगीजी'
योगीजी डिजी लिमिटेड (YogiJi Digi Ltd) ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम यानी आईपीओ के लिए बीते 20 जुलाई को ड्राफ्ट रेड हियरिंग प्रोस्पेक्टर यानी DRHP सेबी के पास जमा कराया है. रिपोर्ट्स में इससे जुड़ी जानकारी शेयर करते हुए बताया गया है कि कंपनी इस ओएफएस इश्यू के जरिए ओपन मार्केट से 270 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है. योगीजी निवेशकों के लिए 71.71 लाख शेयर बिक्री के लिए रखेगी.
प्रमोटरों के पास कितनी हिस्सादारी?
270 करोड़ रुपये का प्रस्तावित आईपीओ लाने की तैयारी कर रही योगीजी डिजी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न पर नजर डालें, तो ड्राफ्ट पेपर्स सेबी के पास जमा कराते समय प्रमोटरों के पास कंपनी में 45.27 फीसदी की हिस्सेदारी थी. इसके अलावा बाकी की हिस्सेदारी कंपनी के पब्लिक शेयर होल्डर्स के पास थी.
बीएसई-एनएसई पर होगी लिस्टिंग
YogiJi IPO एक मैनबोर्ड आईपीओ होगा और इसकी लिस्टिंग बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर होगी. कंपनी की परफॉर्मेंस पर नजर डालें, तो हालिया सालों में ये प्रॉफिट में रही है. FY26 में योगीजी का मुनाफा बीते साल की तुलना में करीब 44 फीसदी की वृद्ध के साथ 40 करोड़ रुपये के आसपास रहा, जबकि कंपनी के रेवेन्यू में 31 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और ये 626.10 करोड़ रुपये रहा था.
क्या करती है YogiJi Digi?
योगीजी डिजी लिमिटेड एक हरियाणा बेस्ड फर्म हैं और इसकी शुरुआत साल 1993 में हुई थी. इसकी गिनती भारत की प्रमुख घरेलू और इंटीग्रेटेड फ्लैट स्टील प्रोसेसिंग सॉल्यूशंस मुहैयार कराने वाली कंपनियों में की जाती है. यह कोल्ड रोलिंग और डाउनस्ट्रीम स्टील प्रोसेसिंग के लिए इक्विपमेंट डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई के काम से जुड़ी हुई है.
(नोट- शेयर बाजार या आईपीओ मार्केट में निवेश से पहले अपने एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)