मार्केट में दबाव के बावजूद भी एक शेयर शानदार तेजी दिखा रहा है. यह शेयर कोई और नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी एथर एनर्जी है. Ather Energy का शेयर मंगलवार को 18 फीसदी चढ़ गया और 52 सप्ताह के हाई लेवल ₹1,500 पर पहुंच गया.
हालांकि, दोपहर 11.27 बजे यह शेयर 15 फीसदी चढ़कर 1463 रुपये पर कारोबार कर रहा था. पिछले एक महीने में इस शेयर में 28 फीसदी की तेजी देखने को मिली है. वहीं तीन महीने के दौरान यह शेयर 53 प्रतिशत चढ़ा है और 6 महीने के दौरान इस शेयर ने निवेशकों के पैसे को डबल किया है और 115 फीसदी का रिटर्न दिया है. जबकि एक साल के दौरान 310 फीसदी की तेजी आई है.
ईवी टू-व्हीलर स्टॉक में यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब कंपनी ने अपने तिमाही नतीजे जारी किए है. कंपनी का घाटा पहले की तुलना में काफी कम हुआ है, जिसके बाद नोमुरा जैसे ब्रोकरेज ने इस शेयर को खरीदने की सलाह दी है और अच्छी तेजी की उम्मीद जताई है.
कंपनी का घाटा हुआ कम
एथर एनर्जी वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में अपना घाटा कम करके 51.1 करोड़ रुपये कर दिया है. मैनेजमेंट का कहना है कि सरकारी पॉलिसी और ईवी के स्वामित्व की लागत में पॉजिटिव लाभ के कारण इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग काफी मजबूत बनी हुई है. कपंनी ने कहा कि कंज्यूमर्स के मजबूत सपोर्ट के कारण दिल्ली की ईवी पॉलिसी कुछ बदलावों के साथ काफी हद तक निरंतर बनी रहनी चाहिए्. प्रबंधन ने यह भी बताया कि एथर को हर महीने 236,000 इनक्वायरी और 50,000 बुकिंग प्राप्त हो रही हैं.
तगड़े उछाल की उम्मीद
इस शेयर को लेकर ब्रोकरेज को तगड़े उछाल की उम्मीद दिख रही है. ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म CLSA ने इस शेयर पर 1600 रुपये का टारगेट दिया है. ब्रोकरेज का कहना है कि इसमें साल दर साल वॉल्यूम 81 फीसदी बढ़ा है. वहीं ईवी इंडस्ट्री 68 फीसदी के हिसाब से बढ़ी है. EBITDA मार्जिन में भी 319 बेसिस पॉइंट का सुधार देखा गया है.
HSBC ने भी इस शेयर को खरीदने की सलाह दी है और कहा है कि यह शेयर 1450 रुपये को पार कर सकता है. हालांकि इस स्टॉक ने आज ही इस टारगेट का हासिल कर लिया है. नोमुरा ने इस शेयर पर ₹1,714 का टारगेट दिया है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)