बीते सप्ताह शेयर बाजार में महज तीन दिन कारोबार हुआ और उतार-चढ़ाव के बाद आखिरकार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 263.67 अंक की गिरावट में रहा, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी इंडेक्स में 106.50 अंक की कमी दर्ज की गई. इस बीच मार्केट कैप के लिहाज से देश की 10 सबसे बड़ी कंपनियों में से 6 घाटे में रहीं और इनका कंबाइंट मार्केट कैपिटलाइजेशन सिर्फ तीन दिन में ही करीब 65,000 करोड़ रुपये घट गया.
Sensex Top-10 कंपनियों में शामिल जिन फर्मों को बीते सप्ताह सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा, उनमें टॉप पर टेलीकॉम दिग्गज भारती एयरटेल रही और इसके शेयरों में पैसे लगाने वाले निवेशकों के करीब 30,000 करोड़ रुपये स्वाहा हो गए. मतलह कुल नुकसान का आधा सिर्फ Bharti Airtel को उठाना पड़ा.
लगातार छठे हफ्ते बाजार धड़ाम
शेयर बाजार के टूटने का ये लगातार छठा सप्ताह रहा. ग्लोबल टेंशन और क्रूड की कीमतों में उतार-चढ़ाव ने बाजार में उथल-पुथल मचाए रखी. हालांकि, इस बीच सेंसेक्स-निफ्टी रफ्तार पकड़े भी नजर आए. बाजार में गिरावट विदेशी निवेशकों की जारी बिकवाली के साथ ही रुपये के टूटने के कारण तेज नजर आई.
Airtel-ICICI को बड़ा घाटा
अपने निवेशकों को नुकसान कराने वाली छह कंपनियों में से भारती एयरटेल की बात करें, तो इसका मार्केट कैप (Bharti Airtel Market Cap) गिरावट के साथ 10.20 लाख करोड़ रुपये पर आ गया और महज तीन दिनों में निवेशकों के 29,993 करोड़ रुपये स्वाहा हो गए. इसके बाद ICICI Bank MCap 12,845 करोड़ रुपये टूटा और ये घटकर 8.70 लाख करोड़ रुपये रह गया.
HDFC Bank ने भी डुबोया पैसा
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच जिन अन्य कंपनियों को घाटा हुआ, उनमें बजाज फाइनेंस की मार्केट वैल्यू 11,169 करोड़ रुपये कम होकर 5.14 लाख करोड़ रुपये रह गई. तो दूसरी ओर HDFC एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप (Bank Market Cap) 7,822 करोड़ रुपये की कमी के साथ 11.56 लाख करोड़ रुपये पर आ गया.
HUL को 2,349 करोड़ का नुकसान हुआ और इसका एमकैप 4.85 लाख करोड़, जबकि SBI Market Cap 553 करोड़ रुपये गिरकर 9.41 लाख करोड़ रुपये रह गया.
TCS-इंफोसिस ने कराई बल्ले-बल्ले
जहां छह कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ा, तो वहीं चार कंपनियों ने अपने निवेशकों को तगड़ी कमाई कराई. टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी टीसीएस का मार्केट कैप 8.87 लाख करोड़ रुपये हो गया और इस हिसाब से TCS Investors ने तीन दिन में 22,359 करोड़ रुपये छाप डाले. इंफोसिस की मार्केट वैल्यू 12,374 करोड़ रुपये के इजाफे के साथ 5.27 लाख करोड़ रुपये हो गई.
इसके अलावा LT Market Cap में 6,575 करोड़ रुपये का उछाल आया और ये 4.97 लाख करोड़ रुपये हो गया. जबकि मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप (Reliance Market Cap) 3,518 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 18.28 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया.
रिलायंस का नंबर-1 पर कब्जा
बीता सप्ताह भी रिलायंस के नाम रहा और देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनियों की लिस्ट में मुकेश अंबानी की फर्म नंबर-1 पायदान पर काबिज रही. इसके बाद क्रमश: HDFC Bank, Bharti Airtel, SBI, TCS, ICICI Bank, Infosys, Bajaj Finance,LT और HUL रही.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)