गुजरात के सूरत में कपड़ा रंगाई मिल में दम घुटने से बिहार के रोहतास जिले के चार मजदूरों की मौत हो गई. मृतक की पहचान शिवसागर के गिरधरिया के सोनू कुमार, करगहर के घोडिहा के अंकित कुमार, कोचस के कपसिया के संदीप व अमरेंद्र पासवान के रूप में हुई है. बताया जाता है कि चारों की मौत भूमिगत टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से हुई है.
सूचना मिलते ही परिजन गुजरात के लिए रवाना हो गए है. चारों युवक साड़ी के रंगाई मिल में अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र (EPT) के भूमिगत टैंक की सफाई करने उतरे थे. इसी दौरान टैंक के अंदर सभी का दम घुट गया और मौत हो गई. इस घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया है.
यह भी पढ़ें: सूरत में कूड़े का पहाड़, 213 करोड़ रुपये खर्च कर भी क्यों नहीं हटा? देखें रिपोर्ट
साथी मजदूरों ने बताया कि जैसे ही चारों ETP टैंक में घुसे, वैसे ही बेहोश हो गए और उन्हें इलाज के लिए एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया.
वहीं एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि साड़ी फैक्ट्री के टैंक में दम घुटने से चार मजदूरों की मौत हो गई. चारों बिहार के रहने वाले थे. अधिकारी ने कहा कि मामले में गुजरात पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों और फोरेंसिक अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है. मौत की सही वजह का पता लगाने के लिए बोर्ड की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.