scorecardresearch
 

Bihar: पेपर स्प्रे और चाकू लेकर पहुंचीं दो लड़कियां, ज्वेलर्स शॉप में लूट की कोशिश नाकाम

बिहार की राजधानी पटना में ज्वेलर्स की दुकान में लूट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. दो लड़कियां गहने देखने के बहाने दुकान में दाखिल हुईं और दुकानदार पर पेपर स्प्रे छिड़ककर लूट की कोशिश की. हालांकि दुकानदार की सूझबूझ से दोनों दुकान के अंदर ही फंस गईं. घटना CCTV में कैद हो गई और पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया.

Advertisement
X
दुकानदार की सूझबूझ से फेल हुई लूट.(Photo: Screengrab)
दुकानदार की सूझबूझ से फेल हुई लूट.(Photo: Screengrab)

पटना के दीघा इलाके में स्थित एक ज्वेलर्स शॉप में लूट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दो लड़कियां गहने खरीदने के बहाने दुकान में दाखिल हुईं और फिर दुकानदार पर पेपर स्प्रे छिड़ककर लूटपाट की कोशिश की. हालांकि, दुकानदार की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते उनकी योजना नाकाम हो गई.

दरअसल, यह घटना दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी पुल के पास गेट संख्या-81 के सामने स्थित मां वैष्णवी ज्वेलर्स की है. पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें: पलायन से वापसी की कहानी: पटना के स्टार्टअप में 30 प्रवासी श्रमिकों को मिला रोजगार

जानकारी के मुताबिक, दोनों लड़कियां दुकान में पहुंचीं और दुकानदार राजेश कुमार से गहने दिखाने को कहा. दुकानदार जब उन्हें ज्वेलरी दिखा रहे थे, तभी एक लड़की ने अचानक उन पर पेपर स्प्रे छिड़क दिया और लूट की कोशिश शुरू कर दी.

दुकानदार की सूझबूझ से फेल हुई लूट

अचानक हुए हमले से दुकानदार कुछ देर के लिए घबरा गए, लेकिन उन्होंने तुरंत सूझबूझ का परिचय दिया. उन्होंने किसी तरह दुकान से बाहर निकलकर मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे दोनों लड़कियां दुकान के अंदर ही फंस गईं.

Advertisement

इसके बाद दुकानदार ने शोर मचाना शुरू कर दिया. आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई. लोगों को जब लूट की कोशिश की जानकारी मिली तो उन्होंने दोनों लड़कियों को पकड़ लिया.

घटना के दौरान एक महिला द्वारा आरोपियों में से एक लड़की के बाल खींचकर उसकी पिटाई करने का वीडियो भी सामने आया है. भीड़ ने दोनों लड़कियों की जमकर धुनाई की और फिर पुलिस को सूचना दी गई.

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में देखा जा सकता है कि दोनों लड़कियां सामान्य ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश करती हैं. कुछ देर तक वे गहने देखती हैं और फिर अचानक हमला कर देती हैं.

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों लड़कियों को हिरासत में ले लिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों विधि-विरुद्ध बालिकाएं हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उनके साथ कोई और व्यक्ति भी इस साजिश में शामिल था या नहीं.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दुकान और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं. साथ ही दोनों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.

Advertisement

पुलिस ने बनाई विशेष टीम

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था-02) दिव्यांजली जायसवाल ने बताया कि 12 जून की शाम सूचना मिली थी कि दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी पुल के पास स्थित मां वैष्णो ज्वेलर्स में दो युवतियों ने दुकान संचालक पर स्प्रे छिड़ककर लूटपाट का प्रयास किया है.

सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई और दुकान संचालक की सतर्कता के कारण घटना के तुरंत बाद एक विधि-विरुद्ध बालिका को मौके पर ही पकड़ लिया गया.

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बालिका के पास से पेपर स्प्रे और एक चाकू भी बरामद किया गया है. जब्ती सूची तैयार कर उसे विधिवत निरुद्ध किया गया. आगे की जांच के दौरान इस वारदात में शामिल दूसरी विधि-विरुद्ध बालिका को भी हिरासत में ले लिया गया.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों लड़कियों ने लूट की योजना कब और कैसे बनाई थी. यह भी जांच की जा रही है कि क्या उन्होंने पहले भी इस तरह की किसी वारदात को अंजाम दिया है.

अधिकारियों का कहना है कि घटना में इस्तेमाल किए गए पेपर स्प्रे और बरामद चाकू की भी जांच की जा रही है. साथ ही दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला जाएगा.

Advertisement

फिलहाल दोनों विधि-विरुद्ध बालिकाओं को निरुद्ध कर लिया गया है और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले के सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement