पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र के चेसी गांव में नवविवाहिता की कथित दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि ससुराल वालों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को पहले जलाया और फिर जेसीबी से गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
मृतका की पहचान रूपा के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज दो महीने पहले चेसी गांव निवासी प्रदुमन कुमार से हुई थी. परिजनों के अनुसार 22 तारीख की रात करीब 11 बजे रूपा से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी, जिसमें उसने ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी.
यह भी पढ़ें: पटना में 90 लाख की कोडीन कफ सिरप की खेप बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
परिजनों ने बताया कि उसी रात ससुराल पक्ष ने फोन कर सूचना दी कि रूपा ने फांसी लगा ली है. जब अगले दिन सुबह परिजन गांव पहुंचे तो घर के सभी लोग फरार मिले और रूपा का कोई पता नहीं चला. इसके बाद परिजनों ने नौबतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए ससुर समेत छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया.
खेत से जला हुआ शव बरामद
घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने चेसी गांव के खेत में जेसीबी की मदद से खुदाई कर जला हुआ शव बरामद किया. शव की पहचान रूपा के रूप में की गई.
मृतका के भाई धीरज कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या कर शव को जलाया गया और करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया. उन्होंने कहा कि ससुराल पक्ष ने साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया और सबूत मिटाने की कोशिश की.
दहेज हत्या की आशंका, आरोपियों की तलाश जारी
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. सिटी एसपी पटना वेस्ट भानु प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या का प्रतीत होता है. आरोपियों ने हत्या के बाद शव को जलाकर और गड्ढा खोदकर दफनाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की है.
पुलिस ने बताया कि इस मामले में दहेज हत्या, संगठित अपराध और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा. सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है.