बिहार की राजधानी पटना के पटना सिटी इलाके में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में रोज दूध देने आने वाले युवक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही लूटे गए सभी सोने-चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए गए हैं.
पुलिस के अनुसार खाजेकला थाना क्षेत्र के पादरी की हवेली सोनार टोली निवासी 80 वर्षीय विद्या गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 जुलाई की रात करीब 9 से 9:30 बजे दूध देने आने वाला रोहित राय अपने एक साथी के साथ उनके घर पहुंचा. दोनों ने बुजुर्ग महिला के साथ हाथापाई की और उनके पहने हुए सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए.
पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद किया लूट का सामान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, पटना सिटी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया. जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए अपने साथी बंटी कुमार का नाम बताया. इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बंटी कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 ग्राम का सोने का चेन, एक जोड़ी सोने के कंगन, सोने के टॉप्स और लगभग 40 ग्राम वजन की चांदी की पायल बरामद की है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रोहित रोज दूध देने के बहाने बुजुर्ग महिला के घर आता था और इसी दौरान उसने घर की रेकी कर वारदात की योजना बनाई. फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.