बिहार की राजधानी पटना के मेहंदीगंज इलाके से पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से एक रिवॉल्वर, दो पिस्टल और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पूर्वी पटना के एसपी परिचय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मेहंदीगंज क्षेत्र में एक महिला के पास अवैध हथियार मौजूद हैं. सूचना के आधार पर सोमवार को पुलिस टीम ने संबंधित महिला के घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस बरामद किए गए.
जांच में पकड़ी गई महिला, नहीं दिखा पायी जरूरी दस्तावेज
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला ने दावा किया कि बरामद हथियार उसके दिवंगत पति के हैं. हालांकि, वह इन हथियारों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी. दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने उसे अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद हथियारों की वैधता और उनकी पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन हथियारों का उपयोग कहीं किसी आपराधिक गतिविधि में तो नहीं हुआ है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक जांच और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं भी शुरू कर दी गई हैं.
एसपी परिचय कुमार ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी. फिलहाल महिला से पूछताछ की जा रही है.