scorecardresearch
 

चोर के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गिरफ्तारी के दौरान पुलिस गाड़ी पर हमला

मुजफ्फरपुर के मरवापाकर गांव में चोर होने के शक में एक युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. वह अपनी बहन के घर गया था और मंगलवार रात खाना खाने के बाद टहलने निकला था, लेकिन रास्ता भटककर दूसरे टोले में पहुंच गया. इसी दौरान लोगों ने उसे चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया.

Advertisement
X
4 आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Manibhushan Sharma/ITG)
4 आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Manibhushan Sharma/ITG)

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां चोर होने के शक में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना सरैया थाना क्षेत्र के मरवापाकर गांव की बताई जा रही है. मृतक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के मोरसांडी निवासी राहुल कुमार साह (25) के रूप में हुई है. बताया गया कि राहुल अपनी बहन के घर मरवापाकर आया हुआ था. मंगलवार की रात खाना खाने के बाद वह टहलने निकला, लेकिन रास्ता भटककर दूसरे टोले में पहुंच गया.

इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे चोर समझ लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की. गंभीर रूप से घायल राहुल को पहले सरैया पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में 20 लाख की लूट, ज्वेलरी कारोबारी से आभूषण से भरा बैग लूटकर फरार हुए बदमाश

मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जोरदार हंगामा किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई.

प्रशासन और पुलिस की भारी तैनाती

स्थिति बिगड़ते देख मौके पर प्रशिक्षु आईपीएस प्रसन्ना कुमार एमवी, एसडीएम पश्चिमी आकांक्षा आनंद और डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी समेत कई थानों की पुलिस टीम पहुंची. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और हालात नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत की. इसके बाद पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया.

Advertisement

प्रशासन की मौजूदगी में हालात पर धीरे-धीरे काबू पाया गया. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया.

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस गाड़ी पर हमला, वीडियो वायरल

घटना के बीच एक और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. वीडियो में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गाड़ी पर हमला करते और आरोपियों को पीटते हुए देखा जा रहा है. यह वीडियो सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.

देखें वीडियो...

पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं. पहली एफआईआर मृतक की बहन के बयान पर दर्ज की गई है, जबकि दूसरी एफआईआर पुलिस अधिकारी के बयान पर दर्ज हुई है. अब तक कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.

एसडीएम आकांक्षा आनंद ने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सभी से शांति बनाए रखने की अपील की गई है. पुलिस का कहना है कि मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिशों पर भी नजर रखी जा रही है. फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement