पटना के मुसल्लहपुर इलाके में कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद और फायरिंग मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. जांच के दौरान पता चला है कि खान कोचिंग सेंटर संचालक फैजल खान के दोनों निजी सुरक्षा गार्ड नियमों के विरुद्ध राइफल का इस्तेमाल कर रहे थे. इस खुलासे के बाद पुलिस दोनों हथियारों के लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा करने की तैयारी में है.
2 जून को दोनों ने की थी फायरिंग
पुलिस जांच के मुताबिक गार्ड प्रदीप सिंह के हथियार का लाइसेंस केवल उत्तर प्रदेश में हथियार रखने और इस्तेमाल करने के लिए मान्य था, जबकि उसने बिहार में राइफल का इस्तेमाल किया. वहीं दूसरे गार्ड तालेवर सिंह के पास मौजूद हथियार के लाइसेंस की जांच में पता चला कि उस राइफल का इस्तेमाल करने का अधिकार उसके पिता के नाम पर था. ऐसे में तालेवर सिंह द्वारा उस हथियार का उपयोग भी नियमों के विपरीत पाया गया.
गौरतलब है कि 2 जून को मुसल्लहपुर स्थित खान कोचिंग सेंटर पर पथराव और मारपीट की घटना हुई थी. इस दौरान दोनों गार्ड्स ने भीड़ को नियंत्रित करने के नाम पर फायरिंग की थी. घटना के बाद पुलिस ने हथियारों को जब्त कर उनके लाइसेंस और वैधता की जांच शुरू की थी. जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर पुलिस अब संबंधित लाइसेंसिंग प्राधिकरण को दोनों हथियारों के लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश भेजेगी.
इसके अलावा मामले में अन्य कानूनी पहलुओं की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. आपको बता दें कि फायरिंग केस मामले की जांच अभी चल रही है और दोनों गार्ड अभी जेल में हैं. साथ ही कोर्ट ने फैजल खान (खान सर) की गिरफ्तारी पर रोक लगाई है. लेकिन उनकी मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं. बीते दिनों राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए अग्निकांड के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने उनके बिहार और उत्तर प्रदेश स्थित कोचिंग सेंटर में इंस्पेक्शन किया. इस दौरान कई खामियां भी मिली.
प्रयागराज स्थित कोचिंग सेंटर हुआ सील
संगम नगरी प्रयागराज में भी प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज के आदेश पर कोचिंग संस्थानों के खिलाफ एक्शन किया गया. मानक पूरे न करने पर सिविल लाइंस में स्थित खान सर की खान ग्लोबल क्लासेज कोचिंग को सील कर दिया गया है. जोन संख्या एक के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पीडीए की प्रवर्तन टीम ने खान ग्लोबल क्लासेस को सील करने की कार्रवाई की है.
कोचिंग सील करने से पहले छात्रों को बाहर निकाला गया. ऑफिस भी बंद कराया गया, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई. सीलिंग के बाद कोचिंग के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है. बगैर अनुमति सील तोड़ने या दोबारा कोचिंग संचालन शुरू करने पर एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी गई है. जोन संख्या एक के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के मुताबिक जिस बिल्डिंग में खान ग्लोबल क्लासेस संचालित हो रहा था.