बिहार के सारण जिले के पानापुर प्रखंड में भगवानपुर तटबंध टूटने के बाद बाढ़ का पानी आसपास के इलाकों में फैल गया. तटबंध की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे जल संसाधन विभाग के जूनियर इंजीनियर और SDO को आक्रोशित ग्रामीणों ने घेर लिया. इस दौरान दोनों अधिकारियों के साथ तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई.
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें कई ग्रामीण गुस्से में दोनों अधिकारियों को पकड़कर नदी के पानी में फेंकने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं. ग्रामीण अधिकारियों पर तटबंध की मरम्मत और उसके रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे थे.
यह भी पढ़ें: बिहार के सारण में राहत सामग्री बनी आफत, हेलीकॉप्टर से गिरे राशन के पैकेट से बुजुर्ग की मौत
विभागीय जूनियर इंजीनियर की पहचान दिघवारा प्रक्षेत्र के चंद्रशेखर कुमार और SDO सुनील कुमार के तौर पर हुई है. दोनों भगवानपुर तटबंध का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया.
ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि बाढ़ आने से पहले जल संसाधन विभाग की ओर से तटबंध की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम ठीक तरीके से नहीं कराया गया. उनका कहना है कि विभाग और संवेदक की कथित लापरवाही के कारण तटबंध कमजोर रह गया.
गंडक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के बीच पानी का दबाव बढ़ने पर भगवानपुर तटबंध टूट गया. इसके बाद आसपास के गांवों में तेजी से बाढ़ का पानी फैलने लगा. इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
देखें वीडियो...
इसी वजह से ग्रामीणों में विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी थी. अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद लोगों ने उन्हें घेर लिया और तटबंध की स्थिति को लेकर सवाल उठाए. देखते ही देखते विरोध तेज हो गया और कुछ ग्रामीणों ने दोनों अधिकारियों को पानी में फेंकने की कोशिश की.
किसी तरह बची दोनों अधिकारियों की जान
आरोप है कि उत्तेजित ग्रामीणों ने जूनियर इंजीनियर को पकड़ लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की की. इसके बाद उन्हें नदी के पानी में फेंकने का प्रयास किया गया. काफी प्रयास के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और दोनों अधिकारी वहां से सुरक्षित निकल सके.
घटना को लेकर पुलिस या प्रशासन के पास फिलहाल कोई लिखित शिकायत या आवेदन दिए जाने की जानकारी नहीं है. वहीं, वायरल वीडियो की विभागीय अधिकारी ने पुष्टि की है. अधिकारी के मुताबिक, वीडियो शनिवार 3 अक्टूबर का है.
प्रशासन का कहना है कि तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है. बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य भी जारी है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, जबकि भगवानपुर तटबंध टूटने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.