Bihar News: मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र में 100 रुपये के विवाद में खौफनाक घटना हो गई. यहां पड़ोसियों के बीच हुए झगड़े में 40 साल की कंचन देवी नाम की महिला की हत्या कर दी गई. इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के टिकारामपुर गांव का है. मृतक कंचन देवी के पुत्र सुमन कुमार ने बताया कि गांव के नरेश महतो के पुत्र प्रिंस कुमार के साथ 100 रुपये कर्ज को लेकर सुबह मोबाइल पर विवाद और गाली गलौज हुआ था.
इसके बाद दोनों के बीच मारपीट हुई थी, फिर मामला शांत हो गया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच शाम को फिर से विवाद हुआ. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस मारपीट में लाठी डंडे और ईंट पत्थर चले, जिसमें कंचन देवी को गंभीर चोट लगी. कंचन देवी के परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए.
यह भी पढ़ें: सिलीगुड़ी में बिहारी लड़कों से मारपीट के आरोपी कौन, क्या ममता सरकार लेगी एक्शन? मामले ने पकड़ा सियासी तूल
परिजनों ने बताया कि कंचन के बेटे सोनू ने 100 रुपये प्रिंस से उधार लिए थे, जिसे लौटाया नहीं था. गुरुवार की सुबह प्रिंस ने सोनू के बड़े भाई को कॉल किया और 100 रुपये मांगे. इसको लेकर सुमन और प्रिंस के बीच गाली गलौज हुआ और मारपीट हुई. इसके बाद मामला शांत हो गया. देर शाम प्रिंस, उमेश, राजन, विशाल कुमार, पंकज कुमार, अभिनाश कुमार, सत्यम कुमार, सन्नी कुमार, अंकित कुमार और रुचि देवी गाली गलौज करने लगीं.
आरोपियों ने घर में घुसकर ईंट से हमला कर दिया. इसी दरम्यान में रुचि देवी ने ईंट चला दी, जो मृतका कंचन देवी को लगी, जिससे उनकी मौत हो गई.
इस घटना में मृतका के पति बेचन महतो, नेपाल महतो, वकील महतो, सोनू कुमार, सुमन कुमार, दीपक देवी सहित एक अन्य महिला को चोट लगी है. घटना के बाद मृतका के पति बेचन महतो के बयान पर वासुदेवपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.