सीवान में रोड रेज के बाद बीजेपी नेता के भांजे की हत्या करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटे पर आरोपी की पहचान कर एनकाउंटर कर दिया है. मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी छोटू यादव पुलिस की गोली से घायल हो गया. उसे गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है, जबकि मृतक हर्ष के पिता का इलाज जारी है.
पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की तुरंत जांच शुरू कर दी गई थी. घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथोड़ा निवासी छोटू यादव के रूप में हुई.
पुलिस ने बताया कि जब पुलिस उसे पकड़ने पहुंची तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल होकर गिर गया. उसके घुटनों में गोली लगी है. घायल अवस्था में उसे पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने छोटू को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.
SIT का गठन
पुलिस ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है. मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
क्या है मामला
आपको बता दें कि पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष सिंह के साथ कार सड़क किनारे खड़ी करके किसी का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार चंदन सिंह की कार से टकरा गई, जिससे उनकी कार पर स्केच आ गया. इस पर दोनों पक्षों में जोरदार कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कार में सवार छोटू यादव ने चंदन सिंह और उनके बेटे हर्ष पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी. गोली लगने से हर्ष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस के मुताबिक, पूर्व एमएलसी मनोज सिंह वर्तमान में सिवान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष भी हैं.