बिहार के मधुबनी जिले में एक पुलिस इन्सपेक्टर की अंधाधुंध फायरिंग से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव की है, जहां खनन स्थल की सुरक्षा के लिए बने पुलिस पिकेट पर तैनात एक एसआई ने कथित तौर पर गलत नीयत से एक घर में प्रवेश किया था. ग्रामीणों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने सर्विस रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी एसआई को सस्पेंड कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है.
मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र में बीती रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बलिराजगढ़ खनन स्थल की सुरक्षा में तैनात एक एसआई ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. गोली लगने से 50 वर्षीय ग्रामीण अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
गलत नीयत से घर में घुसने का आरोप
घटना की पुष्टि करते हुए एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी एसआई बलिराजगढ़ खनन स्थल की सुरक्षा के लिए बनाए गए पुलिस पिकेट पर तैनात था. वह कुछ सामान लेने के सिलसिले में गांव के एक घर में अक्सर आता-जाता था.
बताया जा रहा है कि बीती रात भी एसआई कथित तौर पर गलत नीयत से उसी घर में घुस गया. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे घर में प्रवेश करते हुए देख लिया. इसके बाद ग्रामीणों ने घर को घेर लिया और एसआई को पकड़ने की कोशिश की.
खुद को घिरता देख सर्विस रिवॉल्वर से की फायरिंग
एसएसपी के मुताबिक, आरोपी एसआई ने खुद को ग्रामीणों से घिरा हुआ देखकर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी.
इस दौरान गोली लगने से 50 वर्षीय अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी एसआई मौके से फरार हो गया.
आरोपी SI सस्पेंड, हत्या का केस दर्ज
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है. फिलहाल आरोपी एसआई फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.