बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की भगवान कृष्ण पर टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. वीडियो वायरल होते ही मथुरा-वृंदावन के संतों में आक्रोश फैल गया है. वृंदावन के तमाम साधु-संतों ने एक सुर में उनका विरोध करना शुरू कर दिया है. प्रेमानंद महाराज के आश्रम आने के लिए विराट कोहली पर 5 करोड़ रुपए लेने का दावा करने वाले फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने भी उनकी आलोचना की है.
दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा, 'भगवान श्रीकृष्ण संपूर्ण विश्व के पालनहार हैं. हमारे लाडले कृष्ण कन्हैया के बारे में ऐसी टिप्पणी करना ठीक नहीं है. धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के लिए ऐसी टिप्पणी करना बहुत निंदनीय है. बृजवासी इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे. भगवान राम और कृष्ण में भेद करना सनातन धर्म का अपमान है. हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं.'
श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर-मस्जिद प्रकरण के याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज सहित अन्य साधु-संतों ने भी कड़े शब्दों में धीरेंद्र शास्त्री की निंदा की है. संतों का कहना है कि ब्रज की धरती पर आराध्य श्रीकृष्ण का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. राम और कृष्ण दोनों एक ही हैं. फिलहाल इस मामले में धीरेंद्र शास्त्री की तरफ से कोई सफाई नहीं आई है.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में चल रही श्रीराम कथा का है. इस कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी की थी, जिस पर उनका विरोध हो रहा है. वायरल वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री भगवान राम और कृष्ण की तुलना करते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं, 'हमारे भगवान खड़े होते हैं तो सीधे, धाम भी सीधा है- अयोध्या. जबकि तुम्हारे ठाकुर जी खड़े होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े. पांव के ऊपर पांव. कमर कहीं लचकाएं. फिर टेढ़ी गर्दन करके बंसी बजाते हैं.'
धीरेंद्र शास्त्री ने टिप्पणी करते हुए आगे कहा, 'बंसी का बजाना तो खेल भी है. लेकिन धनुष चलाना कोई खेल नहीं. तुम्हारे ठाकुर जी बंसी बजाते हैं, वो कोई बड़ा काम नहीं है. जितने भी ठाकुर जी वाले यहां बैठे हैं. आज तो तुम्हारे ठाकुर जी की भी जय जयकार हो रही है. राम जी साधक यहां जितने भी लोग बैठे हैं. वो आज फूले नहीं समा रहे होंगे.'