हरियाणा के पानीपत स्थित राणा माजरा गांव में तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तिमा का मंगलवार को आगाज हो गया. फज्र की नमाज के साथ शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अकीदतमंद हिस्सा लेने पहुंचे हैं. इसी बीच कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग उत्तर प्रदेश से यमुना नदी पार करके हरियाणा के राणा माजरा गांव पहुंचते दिखाई दिए. नदी पार करना जोखिम भरा होने के बावजूद लोग इज्तिमा में शामिल होने और मौलाना साद को सुनने पहुंचे.
इज्तिमा के मुख्य वक्ता दिल्ली स्थित निजामुद्दीन मरकज की बंगले वाली मस्जिद के मौलाना साद रहे. उन्होंने लोगों से पांच वक्त की नमाज का पाबंद बनने और अच्छाई के रास्ते पर चलने की अपील की.
मौलाना साद ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में नफरत की कोई जगह नहीं होनी चाहिए. नफरत का जवाब मोहब्बत, समझदारी और अमन से देना चाहिए. उन्होंने युवाओं को कानून के दायरे में रहकर विवादों का समाधान करने का संदेश दिया.
यमुना नदी पार कर पहुंचे अकीदतमंद
इस आयोजन के दौरान कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आईं, जिनमें बड़ी संख्या में मुस्लिम अकीदतमंद यमुना नदी पार करते दिखाई दिए. ये लोग उत्तर प्रदेश की तरफ से नदी पार करके हरियाणा की सीमा में स्थित राणा माजरा गांव पहुंचे.
नदी पार करके आयोजन स्थल तक पहुंचना काफी जोखिम भरा था. इसके बावजूद लोग मौलाना साद का संबोधन सुनने और इज्तिमा में शामिल होने के लिए नदी पार करते नजर आए. दावा किया गया है कि इस रास्ते से लाखों लोग आयोजन में पहुंचे.
180 एकड़ में आयोजन की व्यवस्था
तीन दिवसीय इज्तिमा के लिए करीब 180 एकड़ जमीन पर व्यवस्थाएं की गई हैं. इनमें से 60 एकड़ क्षेत्र में विशाल टेंट लगाया गया है. आयोजन में आने वाले लोगों के लिए पेयजल, वजूखाना, खानपान और ठहरने के इंतजाम किए गए हैं.
बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं. तीन दिवसीय आयोजन में देश-विदेश से आए अकीदतमंद हिस्सा ले रहे हैं.