scorecardresearch
 

Maruti Sales: 1 महीने में बेची 2.76 लाख गाड़ियां! मारुति ने बना दिया महा-रिकॉर्ड, इन कारों की डिमांड

Maruti October Sales 2026: मारुति सुजुकी के लिए अक्टूबर का महीना कई मायनों में खास रहा. कंपनी ने अक्टूबर 2025 में कुल 2,20,894 गाड़ियों की बिक्री की थी, जबकि इस साल अक्टूबर में यह आंकड़ा बढ़कर 2,76,120 यूनिट हो गया.

Advertisement
X
अक्टूबर में मारुति सुजुकी की कुल बिक्री में यूटिलिटी व्हील का शेयर 46% हो गया है. Photo: ITG
अक्टूबर में मारुति सुजुकी की कुल बिक्री में यूटिलिटी व्हील का शेयर 46% हो गया है. Photo: ITG

Maruti October Car Sales: भारतीय कार बाजार में मारुति सुजुकी का दबदबा एक बार फिर देखने को मिला है. कंपनी ने अक्टूबर 2026 में बिक्री के मामले में अपना अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है. फेस्टिव सीजन के दौरान ग्राहकों की बढ़ती मांग का फायदा उठाते हुए मारुति सुजुकी ने एक महीने में कुल 2,76,120 गाड़ियां बेची हैं. खास बात यह है कि कंपनी की डोमेस्टिक सेल पहली बार 2 लाख यूनिट के आंकड़े को पार करते हुए 2,16,789 यूनिट पर पहुंच गई. वहीं, एक्सपोर्ट में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिला है.

मारुति सुजुकी के लिए अक्टूबर का महीना कई मायनों में खास रहा. कंपनी ने अक्टूबर 2025 में कुल 2,20,894 गाड़ियों की बिक्री की थी, जबकि इस साल अक्टूबर में यह आंकड़ा बढ़कर 2,76,120 यूनिट हो गया. यानी कंपनी ने सालाना आधार पर 25 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है. लगभग पौने तीन लाख यूनिट की सेल मारुति सुजुकी के प्रति लोगों के भरोसे को साफ तौर पर दिखाती है.

घरेलू बाजार में भी बना नया रिकॉर्ड

डोमेस्टिक सेल्स की बात करें तो मारुति सुजुक ने इस मामले में भी अक्टूबर में नया रिकॉर्ड बनाया है. बीते अक्टूबर में कंपनी ने घरेलू बाजार में लाइट कमर्शियल व्हीकल सहित कुल 2,16,789 यूनिट वाहनों की बिक्री की है. पिछले साल अक्टूबर में कंपनी ने घरेलू बाजार में 1,80,675 गाड़ियां बेची थीं. इस तरह सालाना आधार पर घरेलू बिक्री में 20 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है.

Advertisement

इससे पहले कंपनी की सबसे ज्यादा डोमेस्टिक सेल का रिकॉर्ड जुलाई 2026 में बना था, जब 2,00,123 यूनिट की बिक्री हुई थी. अक्टूबर का आंकड़ा इससे करीब 8 फीसदी ज्यादा है. वहीं, सितंबर में कंपनी ने घरेलू बाजार में 1,85,252 यूनिट और अगस्त में 1,80,078 यूनिट की बिक्री की थी. यानी महीने दर महीने मारुति की गाड़ियों की डिमांड और सेल बढ़ी है.

यूटिलिटी ने बढ़ाई मारुति की रफ्तार

अक्टूबर में मारुति सुजुकी की बिक्री को सबसे ज्यादा मजबूती यूटिलिटी व्हीकल यानी SUV सेगमेंट से मिली है. कंपनी ने इस कैटेगरी में 97,787 गाड़ियां बेचीं, जो पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले 26 फीसदी ज्यादा है. सितंबर 2026 में कंपनी ने इस सेगमेंट की 78,911 यूनिट बेची थीं. यानी एक महीने में ही SUV बिक्री में करीब 24 फीसदी का इजाफा हुआ है.

इस सेगमेंट में मारुति ब्रेजा, अर्टिगा, फ्रांक्स, विक्टोरिस और ग्रैंड विटारा जैसी गाड़ियां आती हैं. खास बात यह है कि जुलाई से सितंबर के बीच यूटिलिटी व्हीकल की बिक्री लगभग एक जैसी बनी हुई थी. जुलाई में कंपनी ने 78,851 यूनिट बेची थीं, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा 78,911 यूनिट था. ऐसे में अक्टूबर की बिक्री में आई तेजी कंपनी के लिए काफी अहम है.

छोटी कारों की भी डिमांड

Advertisement

SUV के शोर के बीच छोटी और हैचबैक कारों की चर्चा थोड़ी कम जरूर हुई है, लेकिन मारुति की कारों का जलवा कायम है. मिनी, कॉम्पैक्ट और मिड-साइज कारों की बिक्री में भी इजाफा देखने को मिला है. इन सेगमेंट में कंपनी ने अक्टूबर में कुल 1,00,877 यूनिट बेचीं, जो पिछले साल के मुकाबले 18 फीसदी ज्यादा है. सितंबर की 91,887 यूनिट के मुकाबले भी इसमें करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, Eeco वैन की बिक्री 13,720 यूनिट रही, जो लगभग पहले जैसी ही है.

46% हुई SUV की हिस्सेदारी

मारुति सुजुकी की बिक्री के आंकड़े गवाह हैं कि, SUV की तरफ लोग तेजी से मुखर हो रहे हैं. कंपनी की डोमेस्टिक पैसेंजर व्हीकल सेल तकरीबन 2,12,384 यूनिट रही. इसमें SUV सेगमेंट की हिस्सेदारी करीब 46 फीसदी तक पहुंच गई है. यानी लोग मारुति की यूटिलिटी व्हीकल को काफी पसंद कर रहे हैं.

घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी मारुति सुजुकी की गाड़ियों की मांग बढ़ी है. अक्टूबर 2026 में कंपनी ने कुल 49,872 गाड़ियों का एक्सपोर्ट किया, जबकि अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 31,304 यूनिट था. इस तरह एक्सपोर्ट में सालाना आधार पर 59 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी हुई है.

7 महीने में 16.55 लाख गाड़ियां

Advertisement

फाइनेंशियल ईयर 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के बीच भी मारुति सुजुकी का प्रदर्शन शानदार रहा है. इन 7 महीनों में कंपनी ने कुल 16,55,498 गाड़ियां बेची हैं. पिछले साल इन्हीं 7 महीनों में यह आंकड़ा 12,99,629 यूनिट था. यानी कंपनी की कुल बिक्री में 27 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इस दौरान घरेलू बाजार में अन्य कंपनियों को की गई सप्लाई सहित कुल बिक्री 13,72,771 यूनिट रही, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 10,60,866 यूनिट था. वहीं, एक्सपोर्ट 18 फीसदी बढ़कर 2,82,727 यूनिट पर पहुंच गया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement