Maruti 800 Electric: भारत में कारों की बात हो और मारुति 800 का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. साल 1983 में लॉन्च हुई मारुति 800 ने आम लोगों के लिए कार खरीदने का सपना सच किया. कम दाम, बेहतर माइलेज और लो मेंटनेंस की वजह से यह कार पहली बार कार खरीदने वालों और छोटे परिवारों की पसंद बनी. इसी कार ने Maruti Suzuki को देश की सबसे बड़ी कार कंपनी बनाने की नींव रखी. भले ही इसका प्रोडक्शन सालों पहले बंद हो चुका हो, लेकिन आज भी लोगों के बीच इसका क्रेज बरकरार है.
हाल ही में मारुति ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार Maruti e Vitara को लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये (BaaS स्कीम के तहत) है. इसके अलावा ग्राहकों को बैटरी के लिए 3.99 रुपये प्रतिकिमी के हिसाब से EMI देनी होगी. जहां ई विटारा की एंट्री ने मारुति के इलेक्ट्रिकफाइड विजन को साफ किया है, वहीं अब एक डिजिटल आर्टिस्ट rishavkumar_ ने मारुति की पहली कार यानी Maruti 800 के इलेक्ट्रिक अवतार की कल्पना करते हुए कुछ रेंडर तस्वीरों को सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
आगे बढ़ने से पहले बता दें कि, Maruti 800 Electric न तो कंपनी की तरफ से पेश की गई है और न कंपनी का फिलहाल ऐसा कोई इरादा है. यह एक आर्टिस्ट की कल्पना है, यदि मारुति 800 इलेक्ट्रिक अवतार में आती तो कैसी दिखती. तो आइये देखें कैसी है Maruti 800 EV.
यह कॉन्सेप्ट कार पुरानी सिंपल कार से अलग हटकर एक फ्यूचरिस्टिक और स्टाइलिश इलेक्ट्रिक हैचबैक के रूप में नजर आती है. इसमें नियो-रेट्रो डिजाइन देखने को मिलता है. इस रेंडर कॉन्सेप्ट का डिजाइन मॉडर्न होने के साथ-साथ पुरानी मारुति 800 की झलक भी देता है. बॉक्सी शेप और बॉडी पर क्लीन लाइन्स पुराने मॉडल की याद दिलाती हैं. आगे की तरफ क्लोज्ड ग्रिल दी गई है, जिसके साथ पतली LED लाइट बार और स्क्वॉयर हेडलैंप्स नजर आते हैं.
जैसा कि आज तक ट्रेंड में है कार के दरवाजों पर फ्लश डोर हैंडल, एयरो डिस्क व्हील्स और ब्लैक क्लैडिंग दिए गए हैं. जो इस कार को हाई-टेक और साइबरपंक लुक देते हैं, जबकि कार का साइज और शेप पुरानी मारुति 800 जैसा ही है.
अंदर की तरफ यह कॉन्सेप्ट कार पूरी तरह से मिनिमलिस्ट और मॉडर्न केबिन के साथ आती है. क्लीन, फ्यूचरिस्टिक डिजाइन और ड्राइवर सेंट्रिक लेआउट इसकी खासियत है. जहां पुरानी मारुति 800 अपने सिंपल लुक और उपयोगिता के लिए जानी जाती थी, वहीं यह नया कॉन्सेप्ट मॉडर्न सोच और स्टाइल का प्रतीक बनकर सामने आता है.
मारुति 800 को पहली बार साल 1983 में लॉन्च किया गया था, उस वक्त इसकी शुरुआती कीमत 47,500 रुपये थी. दशकों तक ये कार कंपनी की बेस्ट सेलिंग मॉडल बनी रही, 2004 में ये देश की सबसे ज्यादा बेची जाने वाली कार भी बनी. तकरीबन 27 सालों तक आम आदमी की कार रही मारुति 800 का सफर 2010 में खत्म हुआ, जब कंपनी ने इसका प्रोडक्शन बंद करने का ऐलान किया.
अपने समय में मारुति 800 में 796 सीसी का थ्री-सिलेंडर पेट्रोल इंजन के साथ आती थी. जो करीब 40 एचपी की पावर और 59 एनएम का टॉर्क देता था. आज के हिसाब से ये आंकड़े छोटे लग सकते हैं, लेकिन 1980 के दशक में इसी इंजन ने भारत में कार क्रांति शुरू की थी. अब इस डिजिटल रेंडर में पेट्रोल इंजन की जगह इलेक्ट्रिक पावर को दिखाया गया है, जो बताता है कि भारतीय ऑटो इंडस्ट्री कितनी तेजी से आगे बढ़ चुकी है.