दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में 24 और 25 जून के दौरान आए शक्तिशाली भूकंपों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. वेनेजुएला, जापान और अमेरिका के कैलिफोर्निया में कुछ घंटों के बीच धरती कांप उठी. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि ये सभी भूकंप अलग-अलग टेक्टोनिक प्लेटों और फॉल्ट लाइनों पर आए हैं, इसलिए इनके बीच कोई जियोलॉजिकल कनेक्शन नहीं है.
वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता का भूकंप : सबसे ज्यादा तबाही वेनेजुएला में देखने को मिली. 24 जून की शाम उत्तरी-मध्य वेनेजुएला में पहले 7.2 तीव्रता का झटका आया और महज 39 सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का मुख्य भूकंप दर्ज किया गया. इसका केंद्र याराकुय और मोरोन क्षेत्र के पास था.
यह भी पढ़ें: इमारतें ध्वस्त, हर तरफ तबाही, भागते-जान बचाते लोग... वेनेजुएला भूकंप के 5 वीडियो
राजधानी काराकास समेत कई शहरों में इमारतें ढह गईं, सड़कें मलबे से भर गईं और हजारों लोग घरों से बाहर निकल आए. कई इलाकों में बिजली, इंटरनेट और कम्युनिकेशन नेटवर्क प्रभावित हुआ है. कैरेबियाई क्षेत्र के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया गया था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया.
जापान में 6.9 तीव्रता का भूकंप: जापान में 25 जून की सुबह इवाते तट के पास 6.9 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया. करीब 50 किलोमीटर की गहराई में आए इस भूकंप की वजह से आओमोरी और आसपास के इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए. सुरक्षा के मद्देनजर तोहोकू शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी बड़े नुकसान या सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है.
उत्तरी कैलिफोर्निया में 5.6 तीव्रता का भूकंप: अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया में भी 24 जून की सुबह 5.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. रेडवुड वैली क्षेत्र में आए इस झटके के बाद बड़े स्तर पर शेकअलर्ट चेतावनियां जारी की गईं. कई घरों और दुकानों में सामान अलमारियों से गिर गया और कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं. हालांकि, यहां किसी तरह के बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: Venezuela Earthquake LIVE: वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 के भूकंप ने मचाई तबाही, हजारों मौतों की आशंका
विशेषज्ञों के मुताबिक, दुनियाभर में टेक्टोनिक प्लेट्स की गतिविधियां लगातार चलती रहती हैं. वेनेजुएला, जापान और कैलिफोर्निया हजारों किलोमीटर दूर स्थित अलग-अलग जियोलॉजिकल लोकेशन में हैं, इसलिए इन तीनों भूकंपों का एक ही समय के आसपास आना महज संयोग माना जा रहा है.
फिलहाल वेनेजुएला में राहत और बचाव अभियान जारी है, जापान में महत्वपूर्ण ढांचों की सुरक्षा जांच की जा रही है और कैलिफोर्निया में सामान्य आफ्टरशॉक्स दर्ज किए जा रहे हैं. भूकंप और आफटरशॉक्स के खतरों के बीच लोगों से सावधान रहने और खुले इलाके में रहने की सलाह दी गई है.
आजतक इंटरनेशनल डेस्क