रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (FSB) को अमेरिका की तरफ से मॉस्को में आतंकी हमले की तैयारी से जुड़ी जानकारी मिली है. रूसी समाचार एजेंसी RIA के मुताबिक, FSB ने बताया कि यह जानकारी साझेदार चैनलों के जरिए मिली है. इसके बाद सुरक्षा एजेंसी ने खतरे को देखते हुए जरूरी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.
इसी बीच मॉस्को स्थित अमेरिकी दूतावास ने भी शनिवार को मॉस्को के त्सारित्सिनो म्यूजियम रिजर्व में बड़े पैमाने पर लोगों के हताहत होने वाली घटना के संभावित खतरे को लेकर सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया. दूतावास ने कहा कि यह खतरा 31 अक्टूबर को त्सारित्सिनो म्यूजियम रिजर्व में है. अमेरिकी सरकार इस खतरे से निपटने के लिए रूसी अधिकारियों के साथ संपर्क में है.
अमेरिकी दूतावास ने लोगों को त्सारित्सिनो म्यूजियम के इलाके से दूर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी है. साथ ही लोगों से भीड़ से बचने को कहा गया है. दूतावास ने मॉस्को क्षेत्र में मौजूद लोगों को अपने मोबाइल फोन और दूसरी बैटरियों को चार्ज रखने, आसपास के माहौल पर नजर रखने और अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा योजना की समीक्षा करने की सलाह भी दी है.
स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय
त्सारित्सिनो म्यूजियम रूस की राजधानी मॉस्को का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है. इसे 1775 में रूस की कैथरीन द्वितीय के ग्रीष्मकालीन आवास के तौर पर बनाया गया था. बाद में यह एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल बन गया. 2022 में इस म्यूजियम में 20 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे थे. म्यूजियम के आसपास का इलाका भी स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है, जहां लोग फिजिकल एक्टिविटी और कुत्तों को घुमाने के लिए आते हैं.
अमेरिकी दूतावास की ओर से यह अलर्ट ऐसे समय जारी किया गया है, जब रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर तनाव बढ़ रहा है. शुक्रवार को यूक्रेन ने दक्षिणी रूस में एक तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया था. यह हमला दोनों देशों के बीच ऊर्जा ढांचे पर हमलों में दो हफ्ते के विराम के बाद हुआ, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने करवाया था.
aajtak.in