'अमेरिका के पास इतने हथियार, जिंदगी भर लड़ सकते हैं...', ईरान युद्ध के बीच बोले ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के पास मीडियम और अपर मीडियम कैटेगरी के हथियारों का अब तक का सबसे बड़ा भंडार है. उन्होंने बताया कि हाई-एंड हथियार अभी दूरदराज के देशों में रखे हुए हैं. हालांकि इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा था कि ईरान के खिलाफ जंग सालों तक नहीं चलेगी.

Advertisement

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 03 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:48 AM IST

ईरान के साथ जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश की सैन्य शक्ति और हथियारों की आपूर्ति को लेकर एक बेहद अहम बयान दिया है. ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका के पास हथियारों का इतना बड़ा भंडार है कि वो 'अनंत काल' तक युद्ध लड़ सकता है और जीत भी सकता है.

राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि अमेरिका के पास 'मीडियम' और 'अपर मीडियम' कैटेगरी के गोला-बारूद का स्टॉक अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर है. ट्रंप ने इन हथियारों को दुनिया के किसी भी देश के सर्वश्रेष्ठ हथियारों से बेहतर बताया है.

Advertisement

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'हमारे पास इन हथियारों की लगभग असीमित आपूर्ति है. इन हथियारों का इस्तेमाल करके युद्ध अनंत काल तक और बहुत सफलतापूर्वक लड़े जा सकते हैं.'
 

जो बाइडेन और जेलेंस्की पर साधा निशाना

अपने बयान में ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि बाइडेन ने अमेरिका का सारा पैसा और कीमती हथियार यूक्रेन को 'मुफ्त' में दे दिए. यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का मजाक उड़ाते हुए उन्होंने उन्हें "पी.टी. बार्नम" (एक मशहूर सर्कस दिखाने वाला) बताया.

ट्रंप ने कहा कि बाइडेन ने सैकड़ों अरब डॉलर का सामान तो दे दिया, लेकिन उसे वापस भरने या बदलने की जहमत नहीं उठाई. उन्होंने लिखा, 'खुशकिस्मती से मैंने अपने पहले कार्यकाल में सेना का पुनर्निर्माण किया था और इसे अब भी जारी रखा है.'

Advertisement

उच्च श्रेणी के हथियारों पर नजर

भले ही ट्रंप ने मीडियम रेंज के हथियारों पर संतोष जताया, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि 'उच्चतम स्तर' (High-end) के हथियारों के मामले में अमेरिका अभी उस स्तर पर नहीं पहुंचा है, जहां वो होना चाहता है. उन्होंने खुलासा किया कि अमेरिका के बहुत सारे हाई-ग्रेड हथियार अभी भी दूरदराज के देशों में रखे हुए हैं.

यह भी पढ़ें: ईरान पर हमले के फैसले को लेकर क्या बोले ट्रंप, दी ये कड़ी चेतावनी

डोनाल्ड ट्रंप जिंदगी भर युद्ध करने की क्षमता का दावा कर रहे हैं. लेकिन अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर हमला कर रहे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि वो सालों तक ये जंग नहीं लड़ने वाले हैं. फॉक्स न्यूज को दिए एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा, हम कभी न खत्म होने वाला युद्ध नहीं लड़ने जा रहे हैं. ईरान के खिलाफ कार्रवाई कुछ समय तक जारी रह सकती है, लेकिन इसमें सालों नहीं लगेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement