पाकिस्तानी आर्मी चीफ आसिम मुनीर देश के लिए कई भूमिकाएं निभाते नजर आते हैं. सैन्य कमान संभालने के साथ-साथ कूटनीति में भी उनकी सक्रियता देखी गई है. जैसा कि अमेरिका-ईरान मध्यस्थता के दौरान देखा गया था.
वहीं, अब खबर है कि उनकी जिम्मेदारियों की सूची और लंबी होने वाली है. पाकिस्तान के आर्मी चीफ को अब पाकिस्तान की बेकाबू जनसंख्या वृद्धि पर रोक लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
'द डॉन' की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस हफ्ते की शुरुआत में पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री सैयद मुस्तफा कमाल ने यह घोषणा की. बता दें, 259 मिलियन से अधिक की आबादी के साथ पाकिस्तान वर्तमान में दुनिया का पांचवां सबसे अधिक आबादी वाला देश है.
यह भी पढ़ें: '1000 मिसाइलों से तबाह कर देंगे', ट्रंप की धमकी के बाद ईरान ने कहा- अब कोई बातचीत नहीं
उम्मीद जताई जा रही है कि 2030 तक यह इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर चौथा सबसे बड़ा देश बन जाएगा. आर्थिक तंगी से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए यह किसी जनसांख्यिकीय आपदा से कम नहीं है.
आसिम मुनीर की नई भूमिका
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जनसंख्या के मुद्दे से निपटने के लिए एक समिति बनाई है, जिसमें मुनीर भी शामिल हैं. रिपोर्ट के अनुसार, यह मुद्दा अब सरकार के लिए राष्ट्रीय प्राथमिकता बन गया है. पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, सरकार इस मुद्दे को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और हर स्तर पर महत्वपूर्ण नीतिगत फैसले लिए जा रहे हैं.
मुनीर के लिए यह नई जिम्मेदारी पाकिस्तान के लिए एक नाजुक समय पर आई है, जो पहले से ही बलूचिस्तान और अफगान सीमा के पास सुरक्षा मुद्दों से जूझ रहा है. इसके अलावा, आर्थिक कठिनाइयों और पुलिस की ज्यादतियों को लेकर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में अशांति दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है.
इतने संवेदनशील समय में जनसंख्या को नियंत्रित करने की भूमिका अपने आर्मी चीफ को सौंपने पर पाकिस्तानियों ने जमकर मजाक उड़ाया है. सोशल मीडिया पर मीम्स और चुटकुलों की बाढ़ आ गई है. इस बीच एक यूजर ने ट्वीट किया, 'आसिम मुनीर क्या करेंगे? कंडोम बांटेंगे?'
aajtak.in