अमेरिका में हिंदू मंदिर पर गोलीबारी की कथित साजिश का मामला सामने आने के बाद न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने नफरत के खिलाफ एकजुट होने की अपील की है. ममदानी ने न्यूयॉर्क के क्वींस में हिंदू समुदाय के लोगों के साथ नवरात्र, दुर्गा पूजा और विजयादशमी के उत्सव में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने गरबा किया, आरती में शामिल हुए और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की. उन्होंने कहा कि समाज की साझा जिम्मेदारी है कि नफरत के खिलाफ खड़ा हुआ जाए और एक-दूसरे का ख्याल रखा जाए.
ममदानी ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि इस सप्ताह उन्हें हिंदू न्यूयॉर्कवासियों के साथ इन त्योहारों को मनाने का अवसर मिला. उन्होंने लिखा कि शहर के मंदिरों में लोगों के साथ खुशी, आस्था और सामुदायिक एकजुटता के साथ शामिल होना सम्मान की बात थी.
उन्होंने कहा, "हमने गरबा किया, आरती की, सिंदूर खेला और देवी दुर्गा का सम्मान किया. हमारे शहर के मंदिरों में खुशी, आस्था और समुदाय के साथ एक साथ आना एक सम्मान की बात थी. खासकर पिछले हफ्ते इलिनोइस के एक हिंदू मंदिर में हुई सामूहिक गोलीबारी की कोशिश के बाद."
ममदानी ने इलिनॉय में पिछले सप्ताह एक हिंदू मंदिर पर हमले के प्रयास का जिक्र किया.
मेयर ने अपने संदेश में कहा, "आइए, हम सभी नफरत के खिलाफ खड़े होने और एक-दूसरे की देखभाल करने की अपनी साझा जिम्मेदारी निभाने के लिए एकजुट हों."
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में ममदानी भारतीय मूल के लोगों के साथ गरबा करते और मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लेते दिखाई दिए.
इलिनॉय में मंदिर पर हमले की कथित साजिश
ममदानी का यह बयान इलिनॉय के ऑरोरा इलाके में एक हिंदू धार्मिक स्थल पर कथित सामूहिक गोलीबारी की साजिश के मामले के बाद आया है. इस मामले में 19 साल के अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस को गिरफ्तार किया गया था. वह पैलेटाइन का रहने वाला है. उस पर नस्लवादी टिप्पणी करने,
अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, 11 अक्टूबर को मंदिर में कथित हमले की कोशिश के दौरान संदिग्ध की राइफल जाम हो गई थी. इसके बाद वह कथित तौर पर अपने घर लौट गया. हालांकि, घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा.
इलिनॉय का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने भी इस घटना पर चिंता जताई थी.
aajtak.in