भारत में ‘एकाधिकार’ का आरोप, अमेरिका में 36.6 करोड़ डॉलर का चुनावी चंदा! सवालों के घेरे में एलन मस्क

टेक्नोलॉजी दिग्गज एलन मस्क अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा 'स्टारलिंक' को भारत के बाजार में उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें कड़ी अड़चनों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं अमेरिका में, सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने रिपब्लिकन पार्टी को जिताने के लिए मस्क द्वारा 36.6 करोड़ डॉलर खर्च किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है.

Advertisement
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में मस्क ने रिपब्लिकन पार्टी को दिए 36.6 करोड़ डॉलर (Photo: Reuters) अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में मस्क ने रिपब्लिकन पार्टी को दिए 36.6 करोड़ डॉलर (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 13 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:14 AM IST

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शामिल एलन मस्क भारत के सैटेलाइट इंटरनेट बाजार में अपनी कंपनी स्टारलिंक की एंट्री चाहते हैं. नियामकीय मंजूरी का इंतजार कर रहे मस्क ने इसे लेकर भारत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है. तो दूसरी तरफ अमेरिका में उनके राजनीतिक चंदे को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है.

भारत में कथित कारोबारी एकाधिकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले मस्क खुद अमेरिका में राजनीतिक चंदे और अरबपतियों के बढ़ते प्रभाव को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं. अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने आरोप लगाया है कि मस्क ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को चुनाव में फायदा पहुंचाने के लिए भारी रकम खर्च कर रहे हैं. 

Advertisement

सैंडर्स के मुताबिक, मस्क ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की जीत के लिए करीब 29 करोड़ डॉलर खर्च किए थे. सैंडर्स ने दावा किया कि ट्रंप की जीत के बाद मस्क की संपत्ति में भारी इजाफा हुआ. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि मस्क ने ट्रंप को जिताने के लिए 29 करोड़ डॉलर खर्च किए और इसके बाद उनकी संपत्ति 696 अरब डॉलर बढ़ गई. सैंडर्स ने यह भी दावा किया कि मस्क अब दुनिया के पहले खरबपति बन गए हैं.

सैंडर्स ने आगे आरोप लगाया कि मस्क 3 नवंबर को होने वाले 2026 के मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को कांग्रेस पर नियंत्रण बनाए रखने में मदद के लिए 36.6 करोड़ डॉलर खर्च कर रहे हैं. उन्होंने अपनी पोस्ट में अरबपतियों के राजनीतिक प्रभाव के खिलाफ आवाज उठाते हुए लिखा, ‘मस्क को रोको, कुलीनतंत्र को रोको.’ रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, मस्क ने 2026 के अमेरिकी चुनाव चक्र में लगभग 36.6 करोड़ डॉलर का राजनीतिक चंदा दिया है. इसमें जुलाई के बाद से कम से कम 27.6 करोड़ डॉलर शामिल हैं. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: चीन में Starlink बैन, फिर भी चुप हैं Elon Musk, भारत से क्यों भिड़ रहे एलन मस्क?

रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में कहां-कहां खर्च हुआ पैसा?

मस्क के राजनीतिक चंदे का बड़ा हिस्सा उन संगठनों को मिला है, जो अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों- सीनेट और प्रतिनिधि सभा के चुनावों में रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन करते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क ने रिपब्लिकन सीनेट उम्मीदवारों के समर्थन में काम करने वाले सीनेट लीडरशिप फंड को 15.8 करोड़ डॉलर दिए. वहीं, उनके अपने राजनीतिक संगठन अमेरिका पीएसी को 7.6 करोड़ डॉलर का योगदान दिया गया. प्रतिनिधि सभा के चुनावों में रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन करने वाले कांग्रेसनल लीडरशिप फंड को भी 2 करोड़ डॉलर दिए गए.

अमेरिका में मध्यावधि चुनावों को ट्रंप के राजनीतिक प्रभाव की अहम परीक्षा माना जा रहा है. ईरान के साथ युद्ध के बाद पैदा हुए हालात के बीच रिपब्लिकन पार्टी के सामने कांग्रेस में अपना बहुमत बनाए रखने की चुनौती है. वहीं, डेमोक्रेटिक पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में दोबारा नियंत्रण हासिल करने की कोशिश कर रही है.

क्या है कुलीनतंत्र, जिस पर सैंडर्स ने उठाए सवाल?

कुलीनतंत्र यानी ओलिगार्की ऐसी व्यवस्था को कहा जाता है, जिसमें राजनीतिक शक्ति कुछ गिने-चुने अमीर या प्रभावशाली लोगों के हाथों में केंद्रित हो जाती है. सैंडर्स लंबे समय से तर्क देते रहे हैं कि अरबपतियों की विशाल संपत्ति उन्हें चुनावों और सरकारी नीतियों पर आम लोगों की तुलना में कहीं अधिक प्रभाव डालने की क्षमता देती है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: अंबानी भारत के बॉस? मिला सबूत समेत जवाब... क्या US के रियल बॉस मस्क हैं?

उनकी आलोचना का आधार यह है कि कोई एक बेहद अमीर व्यक्ति चुनावी अभियानों पर इतनी बड़ी रकम खर्च कर सकता है, जिससे विज्ञापन, मतदाताओं तक पहुंच और दूसरे प्रचार कार्यों को भारी मदद मिलती है. इससे बड़े दानदाताओं के समर्थन वाले उम्मीदवारों और मुद्दों को बढ़त मिल सकती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »