अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को अपनी नेशनल सिक्योरिटी टीम के टॉप अधिकारियों से मुलाकात की. सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से यह जानकारी दी है. ट्रंप की इस मीटिंग का मकसद ईरान जंग को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा करना था.
रिपोर्ट के मुताबिक, यह मीटिंग ट्रंप के उस बयान के ठीक एक दिन बाद हुई, जिसमें उन्होंने तेहरान को चेतावनी देते हुए कहा था कि उन्हें जल्द से जल्द कदम उठाने होंगे और वह भी तेजी से, वरना उनका कुछ भी बाकी नहीं बचेगा."
रविवार को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, "ईरान के लिए घड़ी की सुइयां तेजी से भाग रही हैं और उन्हें जल्द से जल्द तेजी से कदम उठाने होंगे, वरना उनका कुछ भी बाकी नहीं बचेगा. वक्त बहुत कीमती है."
ईरान की चाल और ट्रंप का टूटता सब्र
रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्र ने बताया कि राष्ट्रपति के वर्जीनिया स्थित गोल्फ क्लब में हुई इस मीटिंग में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मारको रूबियो, CIA के निदेशक जॉन रैटक्लिफ और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ जैसे नेता सभी शामिल हुए. यह बैठक ट्रंप के चीन के एक बेहद अहम दौरे से वापस वॉशिंगटन लौटने के महज कुछ ही घंटों बाद हुई. गौर करने वाली बात है कि चीन एक ऐसा देश है, जिसके ईरान के साथ बेहद करीबी संबंध हैं.
तेहरान जिस तरह से कूटनीतिक बातचीत को संभाल रहा है, उसे लेकर ट्रंप का सब्र अब जवाब देने लगा है. इसके अलावा, होर्मुज स्ट्रेट के लगातार बंद रहने और वैश्विक तेल कीमतों पर इसके असर से भी वह काफी परेशान हैं.
यह भी पढ़ें: रेयर मिनरल्स, 200 बोइंग विमान की खरीद और बीफ के लिए मार्केट... व्हाइट हाउस ने जारी की ट्रंप-जिनपिंग बैठक की फैक्ट शीट
बीजिंग यात्रा के दौरान, ट्रंप और उनकी टीम ने तेहरान के साथ आगे कैसे बढ़ना है, इस पर कोई भी फैसला लेने से खुद को रोककर रखा. सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशासन के कई अधिकारियों ने बताया कि वे आगे का रास्ता तय करने से पहले यह देखना चाहते थे कि ट्रंप और चीनी नेता शी जिनपिंग के बीच बातचीत का क्या नतीजा निकलता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, हाल के दिनों में ट्रंप ने ईरान में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान फिर से शुरू करने के विकल्प पर ज्यादा गंभीरता से विचार किया है. उनका मकसद ईरान पर दबाव डालकर जंग खत्म करने के लिए उन्हें किसी समझौते पर राजी करना है, भले ही उनकी अपनी प्राथमिकता इस विवाद को कूटनीतिक तरीके से सुलझाना ही रही हो.
aajtak.in