अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग को अब 18 दिन हो गए हैं. दोनों तरफ से हो रही बमबारी के बीच अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध को जल्द खत्म करने की बात कही है. हालांकि उन्होंने ये भी साफ किया है कि ये जंग इस हफ्ते तो खत्म नहीं होगी.
सोमवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने यद्ध के इसी हफ्ते खत्म होने के सवाल का जवाब दिया. उन्होंने कहा, 'हां, बिल्कुल. हालांकि, मुझे ऐसा नहीं लगता. लेकिन ये जल्द ही होगा. ज्यादा समय नहीं लगेगा.'
28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई शुरू की थी. ईरान ने कतर, सऊदी अरब, यूएई, बहरीन और कुवैत जैसे खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया. ट्रंप ने स्वीकार किया कि इंटेलिजेंस अधिकारियों को इन देशों पर हमलों की उम्मीद नहीं थी.
ट्रंप की उम्मीदों पर फिरा पानी
ट्रंप ने कहा, बड़े-बड़े विशेषज्ञों में से किसी ने नहीं सोचा था कि ईरान इन देशों पर हमला करेगा. अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि कई देश जो तेल के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर निर्भर हैं, वो भी इसे बहाल करने के लिए अमेरिका का साथ देने के लिए तैयार नहीं दिख रहे हैं. ट्रंप ने कहा, 'मुझे हैरानी इस बात का है कि वो मदद करने के लिए एक्साइटेड नहीं हैं.'
यह भी पढ़ें: 'अमेरिकी ठिकानों का इस्तेमाल...', फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से बातचीत में ईरान का ट्रंप को कड़ा संदेश
अमेरिकी सेना को हुआ नुकसान
पेंटागन ने इस युद्ध में अमेरिकी सैनिकों को लगी चोटों की जानकारी दी है. यूएस सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता टिमोथी हॉकिन्स के मुताबिक, क्षेत्र के कई देशों में चल रहे ऑपरेशन के दौरान लगभग 200 अमेरिकी सेवा सदस्य घायल हुए हैं. हालांकि, इनमें से ज्यादातर को मामूली चोटें आई हैं और 180 से ज्यादा सैनिक वापस ड्यूटी पर लौट आए हैं. इसके साथ ही इस जंग में अब तक 13 अमेरिकी सैनिक शहीद भी हो चुके हैं.
aajtak.in