पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक स्वयंभू तांत्रिक पर 18 वर्षीय युवती के साथ कथित दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
पुलिस के अनुसार, घटना पुरुलिया जिले के बोरो थाना क्षेत्र के आंकरो गांव की है. आरोपी की पहचान सौमेन गोस्वामी के रूप में हुई है, जो इलाके में तांत्रिक के तौर पर जाना जाता है. आरोप है कि मंगलवार रात उसने गांव की रहने वाली 18 वर्षीय युवती को किसी बहाने से अपने साथ चलने के लिए राजी किया और उसे एक सुनसान पड़े मकान में ले गया.
शिकायत के मुताबिक, वहीं पर आरोपी ने युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. घटना के बाद युवती ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी. इसके बाद परिवार के लोग बुधवार को सीधे बोरो थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और छापेमारी कर आरोपी सौमेन गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है. पीड़िता का बयान दर्ज करने के साथ-साथ अन्य जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं भी पूरी की जा रही हैं.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को गुरुवार को पुरुलिया जिला अदालत में पेश किया जाएगा, जहां उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अनिल गिरी