पश्चिम बंगाल के दोहरिया इलाके में बुधवार देर रात भाजपा के नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या से हड़कंप मच गया है. बंगाल में बीजेपी के चुनाव जीतने के ठीक बाद इस हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मामले की जांच के दौरान हत्या से पहले के कई सीसीटीवी फुटेज सामने आए. अब ताजा वीडियो चंद्रनाथ पर गोलीबारी के ठीक बाद का है जब लोग उनकी मदद को दौड़े.
खून से सना चंद्रनाथ का बेजान शरीर
वीडियो में दिख रहा है कि वारदात के बाद लोग घबराते हुए चंद्रनाथ की स्कॉर्पियो कार के पास पहुंचते हैं तो देखते हैं कि शीशे पर कई गोलियों के निशान हैं. किसी तरह कार का दरवाजा खोलकर देखते हैं तो चंद्रनाथ का लगभग बेजान हो चुका शरीर ड्राइवर और आगे की पैसेंजर सीट के बीच पीछे की ओर गिरा हुआ है और सफेद रंग की सीट खून से लाल है.
इसके बाद लोग बड़ी मुश्किलों से उन्हें उठाकर सीट पर वापस बैठाते हैं और बेल्ट लगाकर शरीर को रोकते हैं. बैकग्राउंड में संभवत: चंद्रनाथ के घायल ड्राइवर के दर्द में कराहने की आवाज सुनाई पड़ रही है. अफरा तफरी मच जाती है और उसी कार में चंद्रनाथ को लेकर लोग अस्पताल की ओर बढ़ जाते हैं.
कार रुकवाकर बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक हमले के दौरान चंद्रनाथ रथ को पांच गोलियां लगी थीं. गंभीर हालत में उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात से पहले एक कार और एक बाइक लगातार चंद्रनाथ रथ की गाड़ी का पीछा कर रहे थे. पीछा कर रही कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया, जिसके बाद बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई संदिग्ध कार को कब्जे में ले लिया है. जांच में पता चला है कि कार पर लगा नंबर सिलीगुड़ी का है, लेकिन नंबर प्लेट में छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है.
हमलावरों ने चलाईं 10 राउंड गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर जिस बाइक पर सवार थे, उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी. सूत्रों का कहना है कि हमले के दौरान करीब 10 राउंड गोलियां चलाई गईं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार वारदात का तरीका यह संकेत देता है कि हत्या पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई. घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी. उधर, चंद्रनाथ रथ की हत्या से नाराज बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया.
तपस सेनगुप्ता