आरजी कर रेप-मर्डर पीड़िता की मां आज भी इंसाफ का इंतजार कर रही हैं. लेकिन पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी बेटी को इंसाफ मिलेगा. मुख्यमंत्री की बातें सुनकर सदन में मौजूद पीड़िता की मां और BJP MLA रो पड़ीं.
9 अगस्त, 2024 को 31 साल की ऑन-ड्यूटी पोस्टग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर का अस्पताल के अंदर रेप और मर्डर हुआ था. उस समय तृणमूल कांग्रेस सत्ता में थी. 'अभया' (निडर) मृतका का सिंबॉलिक नाम है.
सीएम शुभेंदु ने साफ लफ्जों में कहा कि बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' पॉलिसी है.
राज्यपाल के भाषण पर चर्चा में बोलते हुए अधिकारी ने कहा, 'RG कर मामले में न्याय मिलेगा. बंगाल के लोगों ने वोट दिया है ताकि अभया को इंसाफ मिले.' उन्होंने आगे कहा, 'इंसाफ पक्का करने के लिए, तीन IPS ऑफिसर को सस्पेंड कर दिया गया है. संदीप घोष को हटा दिया गया है. हम सब कुछ साफ कर देंगे.'
'मुझे उम्मीद है कि मेरी बेटी को इंसाफ मिलेगा'
अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने की बात सुनकर पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ रो पड़ीं. पानीहाटी MLA को एक साथी MLA दिलासा देते हुए देखा गया. देबनाथ ने बाद में न्यूज एजेंसी PTI से कहा, 'मुझे उम्मीद है कि मेरी बेटी को इंसाफ मिलेगा. मैं यहां पावर के लिए नहीं, बल्कि अपनी बेटी के इंसाफ के लिए हूं.'
बता दें कि आरजी कर रेप मामले के दौरान डॉ. संदीप घोष हॉस्पिटल के हेड थे. घटना के बाद कोलकाता के पूर्व पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल, और पूर्व डिप्टी कमिश्नर इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता को घटना से जुड़े अलग-अलग कारणों से सस्पेंड कर दिया गया था.
मामले की दोबारा जांच कर रही CBI
शहर पुलिस के एक सिविक वॉलंटियर, संजय रॉय को इस जुर्म का मुख्य दोषी ठहराया गया और उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. लेकिन इस मामले को 'सरकार की तरफ से दबाने' के आरोप लगे. अब CBI ने मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी है.
शुभेंदु अधिकारी ने इस दौरान रामपुरहाट, हंसखली, कस्बा लॉ कॉलेज, कामदुनी और धूपगुड़ी की घटनाओं समेत कई पुराने और हाल के रेप केस का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, 'तमन्ना की मां को भी इंसाफ मिलेगा. हंसखली में नामशूद्र परिवार से लेकर कामदुनी और कस्बा लॉ कॉलेज तक, जीरो टॉलरेंस होगा.'
यह भी पढ़ें: RG Kar के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष पर केएमसी का बड़ा एक्शन, अवैध निर्माण गिराने का आदेश जारी
पिछले साल 23 जून को, नादिया जिले के कालीगंज के मोलंडी गांव में, एक CPI(M) सपोर्टर की बेटी 13 साल की तमन्ना खातून की हत्या कर दी गई थी. आरोप है कि विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित होने से पहले ही तृणमूल कांग्रेस की जीत के जश्न की रैली में बम फेंके गए थे, जिसमें तमन्ना की जान चली गई थी.
aajtak.in