वाराणसी में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यहां मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर एक ट्रक ने स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. कार में फंसे लोगों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया.
जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन करने गए थे. दर्शन के बाद सभी काशी लौट रहे थे. सोमवार तड़के करीब पांच बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मिर्जामुराद के रूपापुर ओवरब्रिज के पास हादसा हो गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो सड़क पर रुकी हुई थी और इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी.
ट्रक की टक्कर से स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा. इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
इस हादसे में अमन यादव, गोलू और आलोक मिश्रा की मौत हो गई. चौथे मृतक की पहचान की जा रही है. वहीं, कन्हैया यादव और निखिल कुमार गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस के मुताबिक, मृतकों के शव कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. शुरुआती तौर पर ट्रक की ओर से पीछे से टक्कर मारे जाने की बात सामने आई है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद घर लौट रहे लोगों के साथ हुए इस हादसे ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और चौथे मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है.
सुरेंद्र कुमार गुप्ता