बिजनौर की डर्टी स्टोरी: पति निकला नपुंसक तो बहू से बोला ससुर- 'मेरे साथ अवैध संबंध बनाओ', विरोध पर पिटाई

यूपी के बिजनौर में एक विवाहिता ने पति के नपुंसक होने का फायदा उठाकर ससुर पर गलत संबंध बनाने का दबाव डालने और निजी पलों का वीडियो बनाने का गंभीर आरोप लगाया है. मायके पक्ष द्वारा 25 लाख खर्च के बावजूद 5 लाख और कार की मांग को लेकर मारपीट भी की गई. पुलिस ने पति व ससुर समेत 7 लोगों पर केस दर्ज किया है.

Advertisement
(Photo: representational image) (Photo: representational image)

ऋतिक राजपूत

  • बिजनौर ,
  • 19 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:19 AM IST

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर ऐसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें दहेज की मांग से लेकर गलत काम करने का दबाव बनाने और निजी पल का वीडियो बनाने तक की बात कही गई है. महिला का कहना है कि उसका पति नपुंसक है और मानसिक रूप से भी बीमार रहता है. आरोप है कि पति का इलाज कराने के बजाय उसके ससुर इसी बात का फायदा उठाकर उस पर गलत संबंध बनाने का दबाव डालते हैं. महिला ने जब इस बारे में अपने पति को बताया तो उसके साथ मारपीट की गई. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति और ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

Advertisement

शादी में खर्च किए 25 लाख रुपये, कुछ दिन बाद ही 5 लाख और कार की मांग

मामला बिजनौर के हीमपुरदीपा थाना क्षेत्र के एक गांव का है. नगीना थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी यहां के एक युवक से हुई थी. विवाहिता का कहना है कि उसके मायके वालों ने शादी में करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे. परिवार को उम्मीद थी कि बेटी नए घर में खुशहाल जिंदगी बिताएगी, लेकिन महिला के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में विवाद शुरू हो गया.

आरोप है कि ससुराल वाले उससे पांच लाख रुपये और एक कार की मांग करने लगे. मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी. महिला का कहना है कि उसका पति कोई काम नहीं करता, जबकि उसके ससुर सरकारी नौकरी करते हैं. घर के खर्चों के लिए परिवार को ससुर पर निर्भर रहना पड़ता है.

Advertisement

पति की बीमारी का हवाला देकर ससुर पर गलत संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप

विवाहिता ने अपनी शिकायत में पति की सेहत को लेकर भी गंभीर बातें कही हैं. उसका आरोप है कि पति नपुंसक है और मानसिक रूप से भी बीमार रहता है. महिला के मुताबिक, इस स्थिति में पति के इलाज पर ध्यान देने के बजाय उसके ससुर उस पर गलत संबंध बनाने का दबाव डालते हैं.

महिला का दावा है कि जब उसने यह बात अपने पति को बताई तो उसे सहारा मिलने के बजाय मारपीट का सामना करना पड़ा. पीड़िता के अनुसार, ससुराल में उसकी परेशानी को समझने और उसका साथ देने के बजाय उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया.

घर से निकाला, फिर 5 अक्टूबर को खुद ससुराल पहुंची महिला

विवाहिता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर उसका पति, सास, ससुर, तहेरे ससुर, ममेरे ससुर, जेठ और ननद उसके साथ मारपीट करते थे. महिला का कहना है कि ससुराल वालों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया था.

इसके बाद भी उसने अपने वैवाहिक जीवन को लेकर ससुराल लौटने की कोशिश की। शिकायत के मुताबिक, वह 5 अक्टूबर को अकेले ही वापस ससुराल पहुंच गई। महिला का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसके साथ फिर मारपीट की गई और उसे परेशान किया गया।

Advertisement

कपड़े बदलते समय वीडियो बनाने का भी आरोप

विवाहिता ने अपनी शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया है. उसका कहना है कि 15 अक्टूबर को जब वह कपड़े बदल रही थी, तब उसका वीडियो बनाया गया. महिला का आरोप है कि ससुराल वाले उस पर गलत काम करने का दबाव बनाना चाहते हैं और उसे लगातार परेशान किया जा रहा है.

पीड़िता ने इन सभी घटनाओं की जानकारी पुलिस को दी और अपनी शिकायत दर्ज कराई. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति और ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

पुलिस ने  क्या बताया? 

जब इस पूरे मामले को लेकर आजतक ने हीमपुर दीपा थाने के SHO (रवि करण सिंह ) से बात की तो उन्होंने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है. इस पूरे मामले में महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच चल रही है. आरोपी ससुर अभी मौके से फरार है पुलिस ससुर को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीम लगाई हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »