सहारनपुर के थाना नानौता क्षेत्र में रविवार देर शाम एक घर उस वक्त खून से लाल हो गया, जब नशे में धुत देवर ने अपनी गर्भवती भाभी को फावड़े से काटकर मौत के घाट उतार दिया. वारदात इतनी खौफनाक थी कि पूरे मोहल्ले में चीख-पुकार और दहशत फैल गई. मृतका की पहचान सना नाज के रूप में हुई है, जिसने करीब छह माह पहले सलमान से लव मैरिज की थी. बताया जा रहा है कि शादी के बाद दोनों अपने परिवार के साथ मोहल्ला चामंजली कोट में रह रहे थे और जिंदगी सामान्य चल रही थी, लेकिन रविवार की शाम अचानक यह घर मातम में बदल गया.
पुलिस को भी अंदर नहीं घुसने दे रहा था आरोपी
परिजनों के मुताबिक सलमान का छोटा भाई आमिर नशे की हालत में घर पहुंचा था. किसी बात को लेकर उसकी भाभी सना नाज से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आमिर ने घर में रखा फावड़ा उठा लिया और सना नाज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. आरोपी ने गर्भवती महिला के सिर, गर्दन और पेट पर कई वार किए. दर्द से तड़पती सना नाज की चीखें पूरे मोहल्ले में गूंज उठीं. पति सलमान जब पत्नी को बचाने पहुंचा तो आरोपी खून से सना फावड़ा लेकर शव के पास खड़ा हो गया और किसी को अंदर नहीं आने दिया. मोहल्ले के लोग भी दहशत में घरों के बाहर जमा रहे, लेकिन कोई आरोपी के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका.
बताया जा रहा है कि आरोपी का गुस्सा इतना खतरनाक था कि उसने पुलिस को भी घर में घुसने नहीं दिया. साथ ही इसी दौरान उसने घर में रखा गैस सिलेंडर खोल दिया और आग लगाने की धमकी देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने डर के कारण अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए. करीब दो घंटे तक पुलिस और आरोपी के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. काफी मशक्कत, समझाइश और घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी को काबू में कर लिया.
पुलिस ने हत्यारे देवर को किया गिरफ्तार
सीओ गंगोह अशोक कुमार सिसोदिया ने बताया कि रविवार शाम करीब 7:45 बजे सलमान पुत्र इकलाख ने थाने पहुंचकर सूचना दी थी कि उसके भाई आमिर ने उसकी पत्नी सना नाज की हत्या कर दी है. साथ ही वह फावड़ा लेकर घर में खड़ा है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया गया. पुलिस के अनुसार सना नाज के शरीर, गर्दन और पेट पर फावड़े के गहरे घाव मिले हैं. फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून से सना फर्श, हथियार और अन्य साक्ष्य कब्जे में लिए हैं.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतका के पिता मोहम्मद आशिक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और नशे को हत्या की वजह माना जा रहा है. पूरे इलाके में इस सनसनीखेज वारदात के बाद दहशत और गम का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने हत्यारे देवर को भी गिरफ्तार कर लिया है. मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.
राहुल कुमार