जेल में बंद छोटा बेटा, जमानत पर बाहर बहू... प्रयागराज के चौहरे हत्याकांड में रडार पर 'इनसाइडर'; किसने उजाड़ा वीरेंद्र वैश्य का हंसता-खेलता परिवार?

प्रयागराज के साउथ मलाका इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की सिर कूंचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. बंद घर की दीवारों और दफ्ती पर 'बंटी-बबली बहू ने मारा' लिखा मिलने से सनसनी फैल गई है. पुलिस गुत्थी सुलझाने में जुटी है.

Advertisement
प्रयागराज में एक ही परिवार के चार लोगों का कत्ल (Photo- ITG) प्रयागराज में एक ही परिवार के चार लोगों का कत्ल (Photo- ITG)

पंकज श्रीवास्तव / समर्थ श्रीवास्तव

  • प्रयागराज,
  • 03 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:24 AM IST

प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट के कोतवाली थाना क्षेत्र से बड़ी वारदात सामने आई. यहां  साउथ मलाका सब्जी मंडी चौराहा स्थित एक मकान में कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य, उनकी पत्नी अनीता, बेटी मीनाक्षी और बेटे अभिषेक की सिर कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा मंगलवार शाम तब हुआ जब पुलिस ने बाहर से बंद पड़े घर और दुकान का ताला तोड़कर चारों के खून से लथपथ शव अलग-अलग कमरों से बरामद किए. पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुरागों, दीवारों पर लिखे संदेशों और संदिग्धों की तलाश के आधार पर मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित कर दी हैं.

Advertisement

बंद घर और दुकान में मिले खून से लथपथ शव

शहर के बीचों-बीच स्थित मकान में मंगलवार शाम को सबसे पहले 70 वर्षीय मुखिया वीरेंद्र कुमार वैश्य, उनकी 65 वर्षीय पत्नी अनीता और 45 वर्षीय बेटी मीनाक्षी के शव बरामद हुए. पूरा मकान खंगालने के बाद देर शाम लापता 40 वर्षीय बेटे अभिषेक का शव उनकी ही 12-13 दुकानों में से एक दुकान के अंदर से मिला. अभिषेक का शव कई दिन पुराना लग रहा है और वह पूरी तरह फूल गया है. शवों की स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी भारी चीज से मारकर हत्या की गई है.

दीवार और गत्ते पर लिखा मिला सुराग

इस मर्डर मिस्ट्री में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पुलिस को घटनास्थल पर छानबीन के दौरान एक दफ्ती (गत्ते) का टुकड़ा, बोर्ड और दीवारों पर 'बंटी-बबली' और 'बहू ने मारा है' लिखा मिला. पुलिस को आशंका है कि या तो मृतकों में से किसी ने मरने से पहले यह लिखा या फिर जांच भटकाने के लिए हत्यारों ने यह खेल रचा है. फिलहाल पुलिस लिखावट का मिलान कराने की प्रक्रिया शुरू कर रही है ताकि सच सामने आ सके.

Advertisement

छोटे बेटे की कथित प्रेमिका और बहू की तलाश

शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक वीरेंद्र का छोटा बेटा अश्वनी वैश्य और बहू पिछले साल धोखाधड़ी के मामले में जेल गए थे. अश्वनी अभी भी कौशाम्बी जेल में बंद है, जबकि उसकी कथित पत्नी व प्रेमिका ऋतु कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आई है. पुलिस को उम्मीद है कि ऋतु के मिलने पर सारे सवालों के जवाब मिल जाएंगे. एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजय पाल शर्मा के मुताबिक, अश्वनी और अभिषेक दोनों आपराधिक प्रवृत्ति के थे और उनकी पिता से अनबन रहती थी.

80 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस

वारदात के खुलासे के लिए फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं. पुलिस ने आस-पास के 80 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है और करीबियों पर शक गहरा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक के कुछ विवादित संपर्क भी जांच के घेरे में हैं क्योंकि घटना से पहले घर के बाहर किसी से कहासुनी हुई थी. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और जल्द खुलासे का दावा किया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »