जौहर यूनिवर्सिटी मामले को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर एक पोस्ट करके सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है तो उम्मीद है आप बेचैन ज़रूर होंगे. हैं ना? सच-सच बताइए? जिस जौहर यूनिवर्सिटी को आपकी सरकार में बनाया गया, उसमें अरबों रुपए और जमीन किसकी थी? सरकार की, अवैध यूनिवर्सिटी किसने खड़ी की? आजम खान ने, संसाधन किसका लगा? सरकार का. ट्रस्ट किसने बनाया? आजम खान ने. टैक्स किसने दिया? हिंदुओं ने. नौकरी किसको मिली? आजम खान के रिश्तेदारों को.
आजम खान ने जौहर यूनिवर्सिटी के लिए आपके सैफई परिवार के साथ मिलकर जो जौहर दिखाया है- उस पर किसी को भी शर्म आ जाए. अब कार्रवाई हो रही है तो बेचैनी क्यों बढ़ रही है? सुनिए, ये डबल इंजन की सरकार है, अवैध इमारतों पर बुलडोजर तो चलेगा ही. बेचैन मत होइए. पश्चाताप के समय बेचैन नहीं हुआ जाता, आत्मग्लानि महसूस करनी चाहिए. इसीलिए हमारे पुरख़ों ने कहा है, “जैसी करनी, वैसी भरनी”. जय भारत, जय श्री राम, जय श्री कृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव.
बिना नक्शा पास कराए बनाई गई है यूनिवर्सिटी
मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की बिना नक्शा पास कराई बनाई गई 38 इमारतों के ध्वस्तीकरण का नोटिस आरडीए की ओर से जारी किया गया है. जिसमें इमारत के ध्वस्तीकरण को लेकर 15 दिन की समय सीमा भी तय की गई है.
जौहर यूनिवर्सिटी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शिक्षा हासिल करते है. ऐसे में यहां पर पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं में किसी तरह का कोई पैनिक ना हो, उसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से उच्च शिक्षा विभाग के प्रोफेसर की टीम का गठन किया गया है. बाकायदा इसके लिए यूनिवर्सिटी के गेट पर छात्र-छात्रा परामर्श केंद्र स्थापित है. परामर्श केंद्र के माध्यम से यहां पर पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को उनकी शिक्षा से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं.
सपा जिलाध्यक्ष ने बार काउंसिल से की ये अपील
रामपुर जेल में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी के विरुद्ध रामपुर विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए, यूनिवर्सिटी के 40 भवनों में से 38 भवनों के ध्वस्नीकरण का आदेश पारित किया है. साथ ही जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को 15 दिन के भीतर स्वयं ध्वस्तीकरण करने के आदेश दिए हैं.
वहीं,आजम खान की करीबी एवं सपा के नगर अध्यक्ष असीम राजा ने बताया कि मीडिया के माध्यम से रामपुर की आम जनता से यह अपील करना चाहता हूं कि जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ जो साज़िश हो रही हैं वह आपके सामने है. रामपुर की जनता को एक बड़ी लड़ाई के लिए और जौहर यूनिवर्सिटी की हिफाजत के लिए तैयार रहना चाहिए. इसी के साथ पढ़े-लिखे तबके से और खास तरीके से एडवोकेट से यह गुजारिश करूंगा कि वह यूनिवर्सिटी के सिलसिले में अपना भरपूर सहयोग दें. रामपुर की बार एसोसिएशन में उनसे भी यह गुजारिश करूंगा कि वह यूनिवर्सिटी के मामले में जो भी कानूनी मदद हो सकती है, वह करें.
यूनिवर्सिटी के सिलसिले में जो कार्रवाई हो रही है, वह बिल्कुल गलत है. यूनिवर्सिटी को नोटिस मिला था, उसका जवाब दिया गया है. 15 जुलाई को बुलाया गया था, पक्ष रखने के लिए. यूनिवर्सिटी के लोग गए लेकिन सब कुछ प्री प्लान हो रहा था. उन्होंने बस हमारा पक्ष सुना और 10 मिनट के बाद जिलाधिकारी ने फैसला कर दिया.
aajtak.in