ग्रेटर नोएडा में एक पिता की परेशानी को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए 24 घंटे के भीतर उसका समाधान कर दिया. मामला ग्रेटर नोएडा के खानपुर गांव का है. यहां रहने वाले अनिल भाटी अपनी बेटियों की शादी की तैयारियों में जुटे थे. शादी की तारीख 27 अप्रैल तय थी. घर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं. लेकिन इसी बीच एक बड़ी समस्या सामने आ गई. शादी समारोह के लिए जरूरी कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे.
अनिल भाटी को शादी के कार्यक्रम के लिए करीब 20 कमर्शियल गैस सिलेंडरों की जरूरत थी. उन्होंने स्थानीय गैस एजेंसियों से संपर्क किया, लेकिन हर जगह से उन्हें निराशा ही हाथ लगी. समय कम था. चिंता बढ़ती जा रही थी. ऐसे में उन्होंने आखिरी उम्मीद के तौर पर जिलाधिकारी से मदद मांगने का फैसला किया.
गुरुवार को अनिल भाटी जिलाधिकारी मेधा रूपम के पास पहुंचे और अपनी समस्या लिखित रूप में रखी. उन्होंने बताया कि अगर समय पर सिलेंडर नहीं मिले, तो बेटियों की शादी में बड़ी दिक्कत आ सकती है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: गैस सिलेंडर जमाखोरों के खिलाफ छापेमारी, 45 सिलेंडर बरामद, 3 गिरफ्तार
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने इस समस्या को गंभीरता से लिया और तुरंत संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनिल भाटी को जल्द से जल्द जरूरी सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं. उन्होंने अनिल भाटी को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा.
सिलेंडर मिलते ही बोले अनिल भाटी- अब शादी में कोई कमी नहीं रहेगी
जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देशों का असर तुरंत देखने को मिला. महज 24 घंटे के भीतर शुक्रवार को अनिल भाटी को गैस एजेंसी से पूरे 20 कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध करा दिए गए. सिलेंडर मिलते ही अनिल भाटी और उनके परिवार ने राहत की सांस ली. उन्होंने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब शादी के कार्यक्रम में किसी तरह की कोई कमी नहीं रहेगी. अनिल भाटी ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को जिलाधिकारी को लिखित रूप से समस्या बताई थी और गुहार लगाई थी. इसके बाद आज ही सिलेंडरों की व्यवस्था हो गई. अनिल भाटी ने जिलाधिकारी का आभार जताया.
अरुण त्यागी