उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में 13 साल की किशोरी शनिवार रात संदिग्ध हालात में पंखे से लटकी हुई मिली. परिवार ने पड़ोस के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का आरोप है कि युवक किशोरी को ब्लैकमेल करता था और उस पर अपने दोस्तों के साथ गलत संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था.
मृतक किशोरी का परिवार मूल रूप से महोबा का रहने वाला है और सेक्टर-63 की बहलोलपुर कॉलोनी में किराए पर रहता है. पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं किशोरी सातवीं कक्षा की छात्रा थी और कुछ समय पहले ही अपनी मौसी के घर से पढ़ाई छोड़कर वापस आई थी. घटना वाले दिन घर में कोई नहीं था. भाई के मुताबिक, वह सुबह काम पर चला गया था और रात करीब 9:45 बजे जब घर लौटा तो दरवाजा खुला मिला. कमरे में जाने पर उसने देखा कि उसकी बहन पंखे से लटकी हुई थी, वह तुरंत घबरा गया और रिश्तेदारों की मदद से बहन को नीचे उतारकर अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद रविवार सुबह हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय लोग परिजनों के साथ एसीपी 1 सेंट्रल कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए. लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश की. अधिकारियों ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिल चुकी है और मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए चार पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं. पुलिस का कहना है कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
भूपेन्द्र चौधरी