'यहीं सबके सामने माफी मांगेगा तू' ग्रेटर नोएडा में बीमार पत्नी को देखने आए दारोगा की वर्दी पकड़ी, आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित यूपीरिया मॉल के पास पार्किंग विवाद में दारोगा से अभद्रता और धक्का-मुक्की करने वाले आरोपी रोहित चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बीमार पत्नी को देखने आए दारोगा की वर्दी पकड़कर माफी मंगवाने का वीडियो वायरल होने के बाद बिसरख पुलिस ने यह कार्रवाई की.

Advertisement
बिसरख में दारोगा से सरेआम बदलसूकी (Photo: Screengrab) बिसरख में दारोगा से सरेआम बदलसूकी (Photo: Screengrab)

अरुण त्यागी

  • ग्रेटर नोएडा ,
  • 06 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:51 AM IST

ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पुलिस के दारोगा से बदसलूकी और धक्का-मुक्की करने वाले आरोपी गिरफ्तार हो गया है. आरोपी की पहचान रोहित चौधरी के रूप में हुई है. आरोपी का दारोगा के साथ बदसलूकी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. 

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात यूपीरिया मॉल के पास पार्किंग से गाड़ी निकालने को लेकर दारोगा और रोहित चौधरी के बीच विवाद हो गया था. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया. इसी दौरान रोहित चौधरी ने दारोगा की वर्दी पकड़ी और उनसे अभद्रता करते हुए कहा- ‘यहीं सबके सामने माफी मांगेगा तू.’ आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने दारोगा को धक्का भी मारा. पूरी घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

Advertisement

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी लेकर गई. बताया जा रहा है कि उस समय दोनों पक्षों ने किसी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया और आपसी समझौते के बाद अपने-अपने घर चले गए. दारोगा किसी अन्य जनपद में तैनात हैं और अपनी बीमार पत्नी को अस्पताल में देखने के लिए यहां आए थे.

उधर, घटना का वीडियो मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा. वीडियो में आरोपी दारोगा से बदसलूकी और धक्का-मुक्की करता दिखाई दे रहा है. पुलिसकर्मी के साथ इस तरह की अभद्रता को लेकर सोशल मीडिया पर लोग कार्रवाई की मांग करने लगे. जिसके बाद बिसरख थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी रोहित चौधरी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल, पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »